उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पुलिस इंस्पेक्टर ने इस्तीफा दिया है। उनका कहना है कि वह अपने जूनियर अधिकारी के अंडर काम नहीं कर सकते हैं। इस्तीफा देने वाले इंस्पेक्टर ने दावा किया है कि थाना प्रभारी उनसे कम अनुभवी हैं, जो नियमों के विपरीत है। पुलिस इंस्पेक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में प्रोफेशनल रवैया नहीं अपनाया जाता था। साथ ही उन्हें बेवजह डांटा जाता था, जिससे परेशान होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इस मामले को लेकर अन्य अधिकारी जांच कर रहे हैं।
कानपुर के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर विनय शर्मा ने इस्तीफा दिया है। विनय शर्मा ने गुरुवार को एडीनल डिप्टी कमिश्नर पुलिस (ADCP) श्रवण कुमार सिंह को इस्तीफा सौंपा। विनय ने बताया कि वह 2005 बैच के इंस्पेक्टर हैं, जबकि उनसे कम अनुभवी सतीश कुमार को थाना अध्यक्ष बना दिया गया। इंस्पेक्टर के दावे ने पुलिस विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला: बिहार में शिवमय पथ और ड्रोन शो, कांवड़ियों के लिए क्या है तैयारी?
'थाना अध्यक्ष बेमतलब लगाते थे फटकार'
विनय शर्मा ने थाना अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सतीश कुमार उन्हें बिना बात के डांटते थे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि सतीश को थाने के कामकाज की पूरी समझ नहीं थी, जिन्हें कई बार प्रक्रियाएं समझानी पड़ती थीं।
विनय शर्मा ने कहा, 'मुझे अक्सर थाना अध्यक्ष को कामकाज के नियमों के बारे में बताना पड़ता था। इसके बावजूद डांट मुझे ही पड़ती थी, जिससे थाने का माहौल खराब होता था।'
यह भी पढ़ें: '8 साल के बेटे को सिगरेट पिलाई', महिला ने की पूर्व पति की शिकायत, मांगी कस्टडी
मामले की जांच शुरू
ADCP अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू हो गई है। विनय शर्मा का बयान दर्ज किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया या नौकरी से ही रिजाइन दिया है। इसके बाद जांच की जाएगी कि लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं। जांच रिपोर्ट सीनियर अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
