नेपाल के रौतहट में पुलिस ने सीमा पार नकदी की अवैध आवाजाही के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध रूप से नकदी पहुंचाने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक भारतीय युवक भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 30 लाख रुपये बरामद किए हैं। ये लोग मोटरसाइकिल के जरिए रुपये छिपाकर भारत से नेपाल ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने नेपाल के गौर स्थित एक दुकान में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 44 लाख 64 हजार 605 रुपये बरामद किए गए हैं। नेपाल का रौतहट जिला बिहार के सीतामढ़ी जिले से बॉर्डर शेयर करता है।

 

मामले में हवाला कारोबार की आशंका जताई जा रही है। संभावना है कि भारतीय और नेपाली मुद्रा की अवैध खरीद-बिक्री हो रही थी। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है। रौतहट जिले की ईशनाथ नगरपालिका के वार्ड संख्या चार स्थित महुलिया में काली मंदिर के पास मठिया-महुलिया सड़क पर पुलिस चौकी की टीम नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर आ रही नेपाली नंबर प्लेट वाली एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल में बड़ी मात्रा में छिपाकर रखी गई नकदी मिलने से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। मोटरसाइकिल चला रहे युवक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के फुलवरिया गांव, वार्ड संख्या 13 निवासी करीब 28 वर्षीय युवक के रूप में हुई है।

डिक्की और सीट में छिपाए थे नोट

बताया जा रहा है कि युवक ने बाइक की डिक्की, सीट के नीचे और बैग में नोटों के बंडल छिपाकर रखे थे। पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली तो 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान युवक ने गौर स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। गौर स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठान में छापेमारी के दौरान पुलिस को 14 लाख 64 हजार 605 रुपये अतिरिक्त मिले। पुलिस ने दुकान के संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: जहानाबाद: शहर के 7 होटलों में छापेमारी, 25 लोग हिरासत में, देह व्यापार का शक

कहां से आया पैसा, कहां जाना था?

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां पहुंचाया जाना था। प्रारंभिक जांच में इस रकम के हवाला के जरिए नेपाल पहुंचाए जाने की आशंका जताई गई है। सीमा पर भारतीय और नेपाली मुद्रा की अवैध खरीद-बिक्री का धंधा भी चलने की आशंका है। पुलिस को शक है कि बरामद रकम इसी गतिविधि से जुड़ी हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 31 लाख कैश, 23 लाख के गहने और करोड़ों की जमीन; बिहार के इंजीनियर के यहां छापा

 

इस बरामदगी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। रौतहट पुलिस के साथ-साथ भारतीय सीमा पर भी एसएसबी को अलर्ट किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

 

फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो पाएगा।