उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में पिता-पुत्र की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर हुए हादसे में दोनों अपने फ्लैट की 23वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गए। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 साल के बेटे आरव पात्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरव बालकनी में लगी बेल से फूल तोड़ रहा था। बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ग्रिल से नीचे लटक गया। बेटे को इस हालत में देखकर पिता उसे बचाने के लिए दौड़े लेकिन इस कोशिश में उनका भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी का है। शुक्रवार को परिवार खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाला था। दर्शन के लिए उत्साहित आरव सुबह करीब 4 बजे परिवार के साथ उठ गया था। बताया जा रहा है कि आरव खाटू श्याम मंदिर में घर की बालकनी में लगी बेल के फूल तोड़ने गया था। फूल तोड़ने के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
कैसे हुआ हादसा?
बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक, रणदीप ने अपने बेटे आरव से बालकनी में लगी बेल से फूल तोड़कर लाने के लिए कहा था। बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी। फूल तोड़ने के लिए आरव ने ग्रिल पर पैर रखा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ग्रिल से नीचे लटक गया। बेटे को इस हालत में देखकर पिता उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। इसी कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: चंद्रा प्रोटेको पर 210 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप, CBI की छापेमारी
एक दिन पहले 19वीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यह लगातार दूसरे दिन ऊंची इमारत से गिरने का मामला सामने आया है। इससे एक दिन पहले, गुरुवार को गौर सिटी-2 की प्रिस्टीन एवेन्यू सोसाइटी में 19वीं मंजिल से गिरकर 18 साल के छात्र आदित्य अरोड़ा की मौत हो गई थी। वह गाजियाबाद के एक कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें: 'शरीयत में यह नाजायज है, हराम है', सारा अली खान के केदारनाथ जाने पर बोले मौलाना
पुलिस के मुताबिक, आदित्य अपने परिवार से नाराज था और अभिनेता बनना चाहता था। गुरुवार सुबह वह सोसाइटी के बी टावर की 19वीं मंजिल से नीचे गिर गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया है।
