गुजरात में 1,211 करोड़ रुपये की ठगी की गई। यह कहना है कांग्रेस महासचिव और गुजरात के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला का। उन्होंने गुरुवार को अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर SD Pay और 'अपना पे' मोबाइल एप के जरिए हुए कथित डिजिटल पेमेंट फ्रॉड की जानकारी दी।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि इन एप के जरिए करीब 6.5 लाख बैंक खातों से 1,211 करोड़ रुपये की ठगी की गई। उन्होंने कहा कि इस कथित फ्रॉड में सबसे ज्यादा नुकसान गुजरात के लोगों को हुआ है। सुरजेवाला के मुताबिक, ठगी की कुल रकम का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा गुजरात के लोगों का है। वहीं, अगर इस मामले की पूरी जांच हुई तो ठगी का आंकड़ा 3,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

 

रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि पिछले तीन साल से लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है। लेकिन सरकार और उसकी एजेंसियां कार्रवाई करने में नाकाम रहीं। सुरजेवाला के मुताबिक, SD Pay और 'अपना पे' ऐप को करीब 15 लाख लोगों ने डाउनलोड किया था। सितंबर 2026 में अमरेली साइबर क्राइम में FIR दर्ज होने तक 6,52,831 बैंक खातों से 1,211 करोड़ रुपये निकाले जा चुके थे।


'SD PAY या 'अपना पे' ये एक मोबाइल एप है, इसके द्वारा 1,211 करोड़ रुपये के डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के लिए सीधे-सीधे मोदी सरकार और गुजरात की भाजपा सरकार जिम्मेदार हैं। और भुगतभोगी गुजरात के लोग हैं। साधारण और मेहनतकश गुजरातियों और देशवासियों का पैसा लुटवाकर अब केंद्र और गुजरात की भाजपा सरकारें कुंभकर्णी नींद सोईं हुई हैं। गुजरातियों और देशवासियों से तीन साल से चल रही इस लूट के तथ्य चौंकाने वाले हैं।'- रणदीप सिंह सुरजेवाला।

कैसे शुरू हुआ यह कथित फ्रॉड?

सुरजेवाला के मुताबिक, साल 2004 में उत्तर गुजरात में धवल पटेल और अन्य लोगों ने SD Pay या 'अपना पे' मोबाइल एप्लिकेशन की शुरुआत किया था। इसके जरिए बाद में पूरे गुजरात में लोगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024-25 में यह फ्रॉड उत्तर गुजरात में चला और 2025 में इसे अहमदाबाद तक पहुंचा दिया गया।

 

सुरजेवाला ने कहा कि अहमदाबाद में सेमिनार, ऑनलाइन कैंपेन और मार्केटिंग के जरिए मेहनतकश लोगों को ज्यादा रिटर्न का लालच दिया गया। लोगों से कहा गया कि वे ऐप के जरिए पैसे जमा करें, बदले में उन्हें कई गुना ज्यादा रकम मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें: 'दुआ नहीं, दुश्मनों की दवा थी', जेल से निकलते ही ओवैसी पर भड़के आजम खान

15 लाख लोगों ने डाउनलोड किया ऐप

सुरजेवाला ने पुलिस रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया कि SD Pay मोबाइल ऐप को करीब 15 लाख लोगों ने डाउनलोड किया था। सितंबर 2026 में अमरेली साइबर क्राइम में एक पीड़ित की ओर से FIR दर्ज कराई गई थी। उस समय तक 6,52,831 बैंक खातों से 1,211 करोड़ रुपये की ठगी हो चुकी थी।

 

उन्होंने दावा किया कि इस रकम में से 80 से 85 प्रतिशत गुजरात के लोगों का पैसा था। सुरजेवाला के मुताबिक, अगर इस पूरे मामले की जांच हुई तो ठगी का आंकड़ा 3,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

 

यह भी पढ़ें: मैथिली ठाकुर के पिता पर ग्रामीणों के जमीन कब्जाने का आरोप, क्या बोले गांव वाले?

केंद्र और गुजरात सरकार पर लगाए आरोप

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस कथित फ्रॉड को लेकर केंद्र और गुजरात की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि लोगों की मेहनत की कमाई लुटती रही, लेकिन सरकार और उसकी एजेंसियां कार्रवाई करने के बजाय चुप रहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में ठगी की रकम और प्रभावित बैंक खातों की संख्या को देखते हुए इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 1,211 करोड़ रुपये की कथित ठगी में शामिल रकम कहां गई और पीड़ितों को उनकी मेहनत की कमाई वापस कैसे मिलेगी?