बिहार में एमएलसी चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार पर सीधा हमला बोला है। अनंत ने नीरज कुमार के नार्को टेस्ट की मांग कर दी है और कहा है कि उनकी हार निश्चित है,जमानत जब्त होगी। अनंत सिंह ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह नीरज कुमार पहले ललन सिंह का भी विरोध करता था। जब हम लड़े तो मेरा भी विरोध किया। मेरा गलती क्या है? हम मीटिंग में जाकर बोले थे लेकिन हमको कुछ नहीं बताया गया।

 

अनंत सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने नीरज कुमार पर हमला जारी रखा। उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा, 'मेरे वोट से मुख्यमंत्री बनता है, ललन सिंह के वोट से प्रधानमंत्री बनता है। इसके वोट से क्या बनेगा? पार्टी का सिंबल भी तो मिलता है। यह पार्टी का इलेक्शन नहीं है।' चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार को लेकर घमासान मचा हुआ है। 

अनंत सिंह क्यों कर रहे विरोध?

अनंत सिंह ने इस विरोध की वजह बताते हुए कहा, 'मेरे चुनाव के समय इसने कितना विरोध किया था, आप सभी लोग इसका वीडियो देख लीजिए। पार्टी के लिए हम लोग लड़ते हैं तब तो सपोर्ट नहीं किया, उल्टा विरोध कर दिया।' अनंत सिंह ने साफ किया कि वह जेडीयू का विरोध नहीं कर रहे हैं, बस नीरज का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेडीयू मेरी पार्टी है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेरे नेता हैं, लेकिन नीरज को मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा।

नीरज पर लगाए आरोप

अनंत सिंह ने नीरज का विरोध करते हुए एक पुराना मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि AK-47 रख कर घर में हमको फंसाया गया था। उस दिन मीटिंग में हम यही बात रखे थे। मुझे न्याय चाहिए। नीरज ने हमेशा मेरा विरोध किया है। उन्होंने कहा, 'जिसने मुझे फंसाया, जो मेरे खिलाफ साजिश करता है, मैं उसका विरोध करूंगा। यह मेरा हक है।' 

नार्को टेस्ट की मांग

इसके साथ ही अनंत सिंह ने नीरज के नार्को टेस्ट की मांग कर दी। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार का नार्को टेस्ट करवाया जाए, सच्चाई सामने आ जाएगी। कौन साजिश करता है, कौन क्या करता है, सब पता चल जाएगा। अनंत सिंह ने कहा कि मेरा जितना दिमाग है, नीरज कुमार को हराने में मैं अपना पूरा दिमाग लगाऊंगा। नीरज की हार निश्चित है। उसकी जमानत जब्त होगी। वह एमएलसी चुनाव नहीं जीत पाएगा।

एमएलसी चुनाव में बढ़ी हलचल

अनंत सिंह के इस बयान के बाद एमएलसी चुनाव में हलचल तेज हो गई है। बता दें कि बिहार में विधान परिषद की कई सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। जेडीयू ने नीरज को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अनंत सिंह के विरोध के बाद पार्टी के अंदर खलबली मच गई है। अनंत मोकामा में बड़ा जनाधार रखते हैं। उनकी गिनती बिहार के सबसे मजबूत नेताओं में होती है। उनके विरोध का असर चुनाव पर पड़ सकता है।


राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अनंत और नीरज के बीच की अदावत पुरानी है। नीरज कई बार अनंत पर हमला बोल चुके हैं। अब अनंत ने भी खुलकर मोर्चा खोल दिया है। फिलहाल जेडीयू की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन अनंत सिंह के बयान के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है और सबकी नजर एमएलसी चुनाव पर टिकी है।