राजस्थान के जैसलमेर में महज 21 साल की संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई हैं। उन्होंने निर्विरोध जीत दर्ज की है। उनके सामने किसी भी पार्टी या उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। नामांकन का समय खत्म होने के बाद उनके निर्विरोध चुने जाने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इसके बाद जिला कलेक्टर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।
संतोष कुमारी की उम्र 21 साल और 40 दिन है। वह पोखरण विधानसभा क्षेत्र की माधोपुरा ग्राम पंचायत की रहने वाली हैं। उनके पिता ग्राम विकास अधिकारी हैं। जैसलमेर में जिला प्रमुख की सीट अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित थी। कांग्रेस ने भारी बहुमत मिलने के बाद इतनी कम उम्र की नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
यह भी पढ़ें: इंदौर में कांग्रेस नेता ने अधिकारी को मारा थप्पड़, तमाशबीन ने पार्षद को मारी लात
जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस की जीत
जैसलमेर जिला परिषद में कुल 21 वार्ड हैं। इनमें कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, भाजपा को सिर्फ एक सीट मिली। कांग्रेस के पास एकतरफा बहुमत होने के कारण भाजपा ने जिला प्रमुख के चुनाव में अपना उम्मीदवार भी नहीं उतारा।
ऐसे में संतोष कुमारी की जीत पहले से तय मानी जा रही थी। नामांकन का समय खत्म होने तक उनके अलावा किसी दूसरे उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद उन्हें निर्विरोध जिला प्रमुख घोषित कर दिया गया।
कांग्रेस ने नई पीढ़ी पर जताया भरोसा
इस चुनाव में कांग्रेस ने नई पीढ़ी पर भरोसा जताया है। पार्टी ने महज 21 साल की संतोष कुमारी को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी दी है। इतनी कम उम्र में इस पद पर पहुंचकर उन्होंने नया रिकॉर्ड बनाया है।
यह भी पढ़ें: 'सर, गलती हो गई, माफ कर दो', मेरठ होटल कांड का आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
संतोष कुमारी का जिला प्रमुख बनना इसलिए भी खास है, क्योंकि पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में कुछ दशक पहले तक बेटियों को बराबरी के मौके कम मिलते थे। ऐसे में इतनी कम उम्र में एक महिला का जिले के सबसे बड़े पंचायत पद तक पहुंचना बदलाव का संकेत माना जा रहा है। उनकी जीत से कांग्रेस खेमे में भी उत्साह है।
कांग्रेस नेताओं ने जताया जनता का आभार
जैसलमेर जिला परिषद में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद पार्टी नेताओं ने जनता का आभार जताया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव और पूर्व जिला प्रमुख अब्दुला फकीर ने इस जीत के लिए लोगों को धन्यवाद दिया।
