संजय सिंह, पटना। बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के भौंड बालू घाट स्थित चालान सेंटर पर मंगलवार को अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये की लूट कर ली। हथियारों से लैस बदमाशों ने पहले सेंटर में मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाया, फिर करीब आठ लाख रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक से चालान सेंटर पहुंचे। सेंटर में प्रवेश करते ही उन्होंने हथियार लहराते हुए कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अपराधी नकदी समेटने लगे। जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू और पिस्टल के बल पर हमला कर दिया। हमले में गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी शिवशक्ति कुमार और छपरा जिले के अनिल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में आसान हुआ फैक्ट्री लगाना! एक ही जगह मिलेगा पूरा क्लीयरेंस

भागते समय छोड़ गए अहम सुराग

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मैगजीन बरामद हुई है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जब्त कर लिया गया है।

 

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश तेज कर दी गई है।

एसपी पहुंचे मौके पर, एसआईटी का गठन

घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल और एसडीपीओ सतीश सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संग्रह का काम शुरू कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें: रक्सौल बॉर्डर पर अलर्ट: बिना दस्तावेज 2 विदेशी गिरफ्तार, खुफिया एजेंसी सक्रिय

 

एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि बालू बंदोबस्ती कार्यालय में अपराधियों द्वारा हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं तथा लगभग आठ लाख रुपये लूटे जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

बालू घाट जैसे संवेदनशील और नकदी के लेन-देन वाले केंद्र पर हुई इस बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मियों ने बालू घाटों एवं चालान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे मामले पर जिले की नजर बनी हुई है और लोगों को जल्द खुलासे की उम्मीद है।