तमिलागा वेट्री कझगम (TVK) के नेता जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से तीसरी बार मुलाकात की है। चेन्नई में हुई इस मुलाकात के बाद विजय सरकार बनाने का दावा पेश करने जा रहे हैं। पहले दो बार 118 विधायकों का समर्थन साबित न कर पाए विजय ने इस बार लेफ्ट और विदुतलाई तिरुतैगल काची (VCK) के समर्थन से बहुमत साबित करके दिखाया है। कांग्रेस ने पहले ही TVK के समर्थन का एलान किया है तो अब विजय का मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है।

 

इससे पहले, TVK समर्थकों ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के खिलाफ भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस के भी कुछ नेताओं ने आरोप लगाए कि राज्यपाल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के इशारे पर काम कर रहे हैं। वही, द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) और बीजेपी के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी कोई भूमिका नहीं देख रहे हैं। बीजेपी ने कहा है कि तमिलनाडु में कोई भी पार्टी सरकार बनाएगी तो बीजेपी उसके समर्थन में वोट नहीं देगी। बता दें कि तमिलनाडु में बीजेपी को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है।

 

यह भी पढ़ें: 'बस एक शर्त है...', तमिलनाडु में TVK को समर्थन देने के लिए तैयार है कांग्रेस

 

लेफ्ट ने कर दिया समर्थन का एलान

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने TVK को समर्थन देने का एलान करते हुए कहा है, 'तमिलनाडु में चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। TVK ने सीपीआई, सीपीएम और वीसीके से संपर्क करके समर्थन मांगा था। हमारी तमिलनाडु ईकाई ने राष्ट्रीय नेतृत्व से सलाह के बाद फैसला लिया है और हम टीवीके का समर्थन करने के लिए तैयार हैं. हमने राज्यपाल से भी कहा है कि वह सबसे बड़ी पार्टी यानी टीवीके को सरकार बनाने का न्योता दें।'

कैसे मिला बहुमत?

तमिलनाडु में बहुमत के लिए कुल 118 विधायक चाहिए। TVK को कुल 108 सीटों पर जीत मिली है लेकिन विजय दो सीटों से जीते हैं तो प्रभावी संख्या 107 होगी। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन से यह संख्या 112 तक पहुंच गई थी। TVK को 6 और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। अब लेफ्ट और VCK के साथ आ जाने से बहुमत का आंकड़ा हासिल हो गया है। इस चुनाव प्रोग्रेसिव सेक्युलर अलायंस (PSA) का हिस्सा रही सीपीआई और सीपीएम को दो-दो सीटों पर जीत हासिल हुई हैं। इसी तरह विदुतलाई तिरुतैगल काची (VCK) को भी दो सीटें मिली हैं। इन तीनों की कुल 6 सीटें मिलाकर 118 की संख्या पूरी हो गई है।