उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर लगे चांदी के आवरण को हटाकर सीधे जलाभिषेक की अनुमति देने की मांग को लेकर बुधवार को करीब 3500 कांवड़ियों ने मोहान रोड पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांवड़ियों के सड़क पर बैठने से मोहान रोड पर देखते ही देखते भीषण जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे राहगीरों के साथ मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

कांवड़िये कानपुर के बिठूर क्षेत्र स्थित परियर गंगाघाट से गंगाजल लेकर नंगे पैर पैदल बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए निकले थे। बुधवार को कांवड़ यात्रा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट स्थित मोहान रोड पहुंची। यहां बैदेही सेना के नेतृत्व में करीब 3500 कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।कांवड़ियों का कहना है कि वे परियर गंगाघाट से गंगाजल लेकर कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनकी मांग है कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के समय शिवलिंग पर लगा चांदी का आवरण हटा दिया जाए, ताकि श्रद्धालु प्रत्यक्ष दर्शन करते हुए सीधे शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ा सकें। कांवड़ियों ने प्रशासन और मंदिर प्रबंधन से जलाभिषेक से पहले इस संबंध में स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की है।

आस्था के अनुरूप जलाभिषेक की मांग

बैदेही सेना के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू, महंत अनमोल द्विवेदी और महामंत्री अभिषेक मिश्रा ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से बुद्धेश्वर महादेव का जलाभिषेक करना है। उनका कहना है कि कांवड़िये दूर-दूर से गंगाजल लेकर पैदल आ रहे हैं और उनकी इच्छा है कि उन्हें शिवलिंग के सीधे दर्शन करते हुए जलाभिषेक का अवसर मिले।


उन्होंने प्रशासन से मांग की कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए समय रहते निर्णय लिया जाए, ताकि जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की स्थिति न बने।

 

यह भी पढ़ें: अवैध डेयरियां हटाने पहुंची टीम पर हमला, दरोगा को बुरी तरह पीटा

पुलिस ने संभाली कमान, कांवड़ियों से बातचीत

मोहान रोड पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के बैठने और जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। एसीपी काकोरी शकील अहमद के साथ पारा और काकोरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर सड़क खाली कराने और यातायात सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की कि सड़क पर प्रदर्शन के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बावजूद कांवड़िये अपनी मांग पर अड़े रहे और प्रशासन से लिखित या स्पष्ट आश्वासन की मांग करते रहे।

 

प्रदर्शन के कारण मोहान रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहन फंस गए। इससे स्थिति और गंभीर हो गई। राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई।पुलिस की ओर से यातायात को दूसरे मार्गों से निकालने और जाम कम करने के प्रयास भी किए गए। वहीं मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी कांवड़ियों से लगातार बातचीत कर रहे थे ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया जा सके।