कर्नाटक के दावणगेरे में 41 साल महिला को कथित तौर पर मादक पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना तीन जून की शाम को बसवापटना थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी।
पुलिस ने बताया मामला आठ जून को तब सामने आया, जब आरोपियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया महिला का एक वीडियो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किए जाने के बाद 'वायरल' हो गया। पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के बाद FIR में नामजद सभी 10 लोगों को इस घटना के संबंध में गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: 'इंजीनियर बताते थे, 12वीं पास निकला', निशांत कुमार की पढ़ाई-लिखाई पर RJD का तंज
मदद के बहाने महिला को बुलाया
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना वाली शाम को घरेलू झगड़े के बाद जब वह अपने गांव की ओर जा रही थी तब दो पुरुषों ने मदद के बहाने उससे बात की। इसके बाद उन्होंने पीड़िता को एक नशीला शीतल पेय पीने को दिया, जिसमें बेहोशी की दवा मिली हुई थी। पीड़िया इसे पीकर बेहोश हो गई।
सुनसान खेत में में किया दुष्कर्म
उन्होंने बताया कि पीड़िता को बाद में गांव के बाहरी इलाके में एक सुनसान खेत में ले जाया गया, जहां पुरुषों का एक समूह मौजूद था। पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका यौन उत्पीड़न किया और नशे की हालत में उसकी तस्वीरें खींची और वीडियो भी बनाए। ग्रामीणों द्वारा वीडियो वायरल होने की जानकारी दिए जाने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: जयपुर में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, आग में जिंदा जले 7 लोग
दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक शेखर एचटी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, निजता का उल्लंघन और धारा 190 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई। उन्होंने बताया, 'हमने सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।'
