राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इस जिले के गंगापुर सिटी क्षेत्र में छात्राओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया है। आरोप है कि स्कूल की एक महिला टीचर ने 500 रुपये गायब होने के बाद छात्राओं की चेकिंग की। इस दौरान कथित तौर पर टीचर ने छात्राओं के कपड़े उतरवाए और चेकिंग की। इस घटना की जानकारी के बाद छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस मामले में आरोपी टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है। 

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना गंगापुर शहर के एक सरकारी स्कूल की है। टीचर सरस्वती मीणा के 500 रुपये गायब हो गए थे और इसको लेकर उन्होंने छात्राओं पर शक जताया। जब पैसे नहीं मिले तो छात्राओं की तलाशी लेने का फैसला लिया गया। इसी दौरान कथित तौर पर छात्राओं को कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई। इस पूरी घटना से छात्राएं घबरा गईं और बाद में परिजनों ने हंगामा किया। 

 

यह भी पढ़ें: भैंस बेचकर की गर्लफ्रेंड से की लव मैरिज, घरवालों ने मंदिर के बाहर ही जमकर पीटा

 

अभिवावकों ने किया हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए। उन्होंने टीचर के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए स्कूल परिसर में हंगामा किया। अभिभावकों का आरोप है कि छात्राओं की गरिमा और सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया है। उनका कहना है कि रुपये की तलाश के नाम पर इस तरह की कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और अभिभावकों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

 

आरोपी टीचर सस्पेंड

प्रारंभिक जांच के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षिका सरस्वती मीणा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया। विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की निष्पक्ष जांच हो इसके लिए टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है। 

जांच जारी

मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। अधिकारियों के अनुसार, छात्राओं और अभिभावकों के बयान लिए जा रहे हैं। स्कूल के अन्य टीचरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं और कथित तलाशी किस तरह ली गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: बंटी यादव हत्याकांड केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद अरेस्ट, पैर में लगी गोली

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो और जानकारी सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने छात्राओं के साथ हुए कथित व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि एक टीचर इस तरह का व्यवहार कैसे कर सकती है।