उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मानकनगर इलाके में नहर किनारे युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस ने महज तीन घंटे में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में उसके साथ पिछले कई वर्षों से संबंध में रह रहे 55 वर्षीय धीरज कुमार सोनकर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि युवती ने आरोपी से 50 हजार रुपये मांगे थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बाद में घर जाने की जिद और कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने युवती के दुपट्टे से ही उसका गला कस दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए वह उसे ऑटो में लादकर नहर किनारे पहुंचा था।
पुलिस पूछताछ में धीरज कुमार सोनकर ने बताया कि वह 28 वर्षीय पूजा उर्फ परवीन को पिछले चार-पांच वर्षों से जानता था। दोनों के बीच संबंध थे और पूजा अक्सर स्लीपर ग्राउंड स्थित धीरज के कमरे पर रहती थी।पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात पूजा ने धीरज से 50 हजार रुपये मांगे। धीरज ने रुपये देने में असमर्थता जताते हुए बताया कि उसने हाल ही में कर्ज लेकर ऑटो खरीदा है और उसके पास पैसे नहीं हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
घर जाने की जिद पर बढ़ा विवाद
आरोपी के मुताबिक, रातभर विवाद के बाद तड़के करीब तीन से चार बजे पूजा अपने घर जाने की जिद करने लगी। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई। इसी दौरान धीरज ने कथित तौर पर आपा खो दिया और पूजा के ही दुपट्टे से उसका गला कस दिया। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: साइबर अपराध पर कैसे लगेगी लगाम? 350 केस, 6 इंस्पेक्टर और गाड़ी सिर्फ 1
ऑटो में शव रखकर नहर पहुंचा
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद धीरज ने शव को अपने ऑटो में लादा और मानकनगर में DRM पुलिया की तरफ नहर किनारे पहुंचा। उसका इरादा शव को नहर में फेंकने का था। हालांकि, रास्ते में कुछ लोगों को पैदल आते देखकर आरोपी घबरा गया। उसे पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसके बाद वह शव को नहर में फेंकने के बजाय सड़क किनारे फुटपाथ पर छोड़कर ऑटो समेत वहां से फरार हो गया।
सुबह मिली थी युवती की लाश
सुबह DRM पुलिया के पास नहर किनारे युवती का शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मानकनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। आसपास के रास्तों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए छानबीन शुरू की।
यह भी पढ़ें: चार साल तक सील रही अफजाल की कोठी, अब कोर्ट के आदेश पर क्यों खुली सील?
तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार
ठाकुरगंज निवासी युवती के पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरज कुमार सोनकर को शांतिपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या के बाद शव को ले जाने में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
