महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को मंगलवार को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब वर्ली में एक महिला उन पर बरस पड़ी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक बड़े मार्च की वजह से इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया था। जिसमें फंसी एक महिला का धैर्य जवाब दे गया। महिला ने उस वक्त मंत्री को कैमरे के सामने 'गेट आउट' भी कहा। अब इस पूरे घटनाक्रम पर मंत्री गिरीश महाजन ने अपनी सफाई दी है। मंत्री महाजन ने कहा कि उन्होंने मौके पर ही महिला से तीन बार माफी मांगी थी लेकिन महिला ने गलत भाषा बोली और मोर्चे पर बोतल भी फेंकी।
यह रैली महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े बिल के मुद्दे पर निकाली गई थी। गिरीश महाजन के मुताबिक, इस मार्च में करीब 10 हजार महिलाओं ने हिस्सा लिया था। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि इतनी बड़ी तादाद में लोगों के जुटने के कारण सड़कों पर जाम लगना स्वाभाविक था, जिससे आम जनता को असुविधा हुई।
यह भी पढ़ें: 500 रुपये का सट्टा खेला था? कर्नाटक के गृहमंत्री के खिलाफ ही FIR का आदेश
गिरीश महाजन ने दी सफाई
मंत्री गिरीश महाजन ने ट्रैफिक जाम का बचाव करते हुए कहा कि देश में आंदोलन और मोर्चे निकलना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने तर्क दिया, 'जब नासिक से मुंबई तक लंबे मोर्चे निकलते हैं तो हाईवे पर 50-50 किलोमीटर तक का जाम लग जाता है। लोग अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरते ही हैं। मैं मानता हूं कि लोगों को एक घंटे की देरी हुई और इसके लिए मैंने 'सॉरी' भी कहा लेकिन विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है।'
महाजन ने महिला द्वारा बोतल फेंकने की घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा, 'वहां 10 हजार से ज्यादा महिलाएं मौजूद थीं, उनके सामने बोतल फेंकना और गलत भाषा का प्रयोग करना कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ सकता था। हालांकि, हमने बहुत संयम बरता और अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि कोई भी महिला पर जवाबी टिप्पणी न करे। महिला करीब 15-20 मिनट तक वहां गलत भाषा का प्रयोग करती रही।'
यह भी पढ़ें: 'मराठी नहीं तो लाइसेंस नहीं...', एक फैसले से ठप हो सकता है महाराष्ट्र
कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेगी सरकार
जब मंत्री से पूछा गया कि क्या उस महिला के खिलाफ पुलिस केस किया जाएगा तो उन्होंने दरियादिली दिखाते हुए मना कर दिया। महाजन ने कहा, 'मैं नहीं समझता कि उन पर कोई कार्रवाई होनी चाहिए। शायद उनका बच्चा स्कूल में था या वह किसी जल्दी में थीं, उनका गुस्सा अपनी जगह ठीक है। हमने उनकी नाराजगी को समझ लिया और इसीलिए मैंने खुद कई बार उनसे माफी मांगी। हमने 10 मिनट के भीतर रास्ता साफ कराने का वादा भी किया था।'
