राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कार सड़क पर अचानक से आए ऊंट से जा टकराई। इस हादसे में एक मेजर की मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह भीषण एक्सीडेंट जैसलमेर शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर रात करीब 12:30 बजे थैयात आर्मी इलाके में हुआ।
जैसलमेर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर टक्कर के बाद कार चार से पांच बार पलटी मारी। पलटी मारते ही कार तकरीबन 100 मीटर तक घिसटती चली गई। मृतक अधिकारी की पहचान मध्य प्रदेश के मेजर हमजा आरिफ के तौर पर हुई है। हमजा की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु की रोक से केरल में घर नहीं बन पाएंगे? समझिए CM के चिट्ठी लिखने की वजह
ड्यूटी से आर्मी कैंप लौट रहे थे अधिकारी
मेजर हमजा आरिफ अपने दो साथी अधिकारियों के साथ ड्यूटी पूरी करके आर्मी कैंप लौट रहे थे। मगर, इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया। हादसे के बाद तीनों आर्मी अधिकारियों को थैयात के आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मेजर हमजा को मृत घोषित कर दिया।
घायलों का चल रहा इलाज
वहीं, घायल अफसरों की पहचान लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर के तौर पर हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका आर्मी हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में 65 वर्षीय बुजुर्ग पर बाघ का हमला, हालत गंभीर
हालांकि, पुलिस ने बताया कि टक्कर में शामिल ऊंट की भी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बचाव दल और सेना के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। मामले में स्थानीय पुलिस और आर्मी पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है।
