पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी। उन्होंने अमित शाह की 'हिंसक' टिप्पणियों पर नाराजगी जताई।
हुगली में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'हम अमित शाह के खिलाफ लीगल केस करने जा रहे हैं। वह गृह मंत्री हैं, उन्हें ऐसी हिंसक बातें नहीं करनी चाहिए।' यह बयान अमित शाह के उस भाषण के बाद आया है जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं पर तीखा हमला बोला था।
यह भी पढ़ें: 'आंबेडकर ने भी ऐसा नहीं सोचा होगा...', ममता बनर्जी के लिए SC ने ऐसा क्यों कहा?
रैली में बोले थे अमित शाह
अमित शाह ने बीरभूम जिले में एक रैली में कहा था, 'बंगाल के मतदाता बम और गोली का जवाब वोट से देंगे। टीएमसी के गुंडे अब लोगों को बम से नहीं डरा पाएंगे। बंगाल के लोग बमों का जवाब बैलट से और डर का जवाब विश्वास से देंगे।'
अमित शाह ने आगे कहा, 'ममता सरकार को अलविदा कह दो। सत्ता में आने के बाद बीजेपी सिंडिकेट और कट-मनी वालों को उल्टा लटकाकर सीधा कर देगी।' उन्होंने टीएमसी शासन में भ्रष्टाचार और 'माफिया राज' का आरोप लगाया।
टीएमसी पर साधा था निशाना
शाह ने चेतावनी भी दी, 'मैं टीएमसी के गुंडों को सलाह देता हूं कि 23 अप्रैल को घर में ही रहें, वरना 4 मई को हम उन्हें एक-एक करके उठाकर जेल में डाल देंगे।'
ममता बनर्जी ने अमित शाह की 'उल्टा लटकाने' वाली बात पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'गृह मंत्री किस तरह की भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं? चुनाव के बाद लोगों को उल्टा लटकाने की बात करना बिल्कुल गलत है। इस मानसिकता से बीजेपी बंगाल कभी नहीं जीत पाएगी कभी नहीं!'
23 अप्रैल को था चुनाव
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शाम 6 बजे खत्म हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में मतदान प्रतिशत 91.78 प्रतिशत रहा जो कि बहुत ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: 'बंगाल जीतकर दिल्ली पर कब्जा करूंगी, मुझे BJP की तबाही चाहिए'- ममता बनर्जी
दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। यह विवाद बंगाल के चुनावी माहौल को और गर्म कर रहा है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।
