आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार के बाद एक रियल एस्टेट कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना से मौके पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कारोबारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी जब्त कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कारोबारी सेमीफाइनल में हार के बाद गुस्से में था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह घटना रविवार शाम बैडमिंटन अकादमी के बाहर हुई। जहां पिछले चार हफ्तों से कुर्नूल बैडमिंटन प्रीमियर लीग का आयोजन चल रहा है। सेमीफाइनल में टीम की हार के बाद आरोपी ने कथित तौर पर जमीन पर तीन राउंड फायर कर दिए।
आरोपी के बारे में क्या जानकारी मिली?
पुलिस के अनुसार कौशिक रियल एस्टेट कारोबारी है और आत्मरक्षा के उद्देश्य से उसे कई वर्ष पहले हथियार का लाइसेंस जारी किया गया था। जो अब भी वैध है। डीएसपी राघवेंद्र ने कहा कि फायरिंग से पहले किसी तरह का विवाद या हाथापाई नहीं हुई थी। शुरुआती जांच में मामला सेमीफाइनल में हार के बाद हुई निराशा से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि कौशिक टीम का कप्तान नहीं था। वह केवल अनन्या फ्रेंचाइजी का एक सदस्य था।
यह भी पढ़ें: इनकम टैक्स का अधिकारी बताकर लूटने लगे गहनों की दुकान, 3 पकड़े गए, दो फरार
पुलिस ने क्या कहा?
कुर्नूल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस डीएसपी राघवेंद्र ने बताया कि कौशिक के पास .32 की लाइसेंसी रिवॉल्वर है। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल में अपनी टीम की हार से निराश होकर जमीन पर तीन गोलियां चलाईं। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। कौशिक रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हैं तो उन्हें कई साल पहले यह लाइसेंस आत्म-रक्षा के लिए जारी किया गया था और यह अब भी वैध था। डीएसपी ने बताया कि आरोपी कौशिक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और हथियार जब्त करने की कार्रवाई की जारी है। साथ ही पुलिस अधीक्षक एसपी विक्रांत पटेल के माध्यम से जिला कलेक्टर ए. सिरी को उसका रिवॉल्वर लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी भेजी जा रही है।
