पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक शख्स ने अपने लिव-इन पार्टनर के दो कुत्तों को मौत के घाट उतार दिया। तीसरे कुत्ते को मारने की तैयारी कर रहा था। तभी पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बचा लिया। आरोपी ने कुत्तों को मारने के वीडियो भी अपने लिव-इन पार्टनर को भेजे थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। उसकी पहचान संजीब भट्टाचार्य के तौर पर हुई है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी की लिव-इन पार्टनर ने हाल ही में डीजे की नौकरी छोड़ी थी। इसके बाद वह घर छोड़कर चली गई थी। दोनों जादवपुर इलाके के बिक्रमगढ़ के फ्लैट में रहते थे। महिला अपने कुत्तों और बिल्लियों को छोड़कर गई थी। शख्स का आरोप है कि लिव-इन पार्टनर पर लाखों रुपये बकाया है।

 

यह भी पढ़ें: हवा में इंडिगो के विमान का लैंडिंग गियर फेल, पुणे में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

 

आरोपी ने दो कुत्तों को मारने के वीडियो अपने लिव-इन पार्टनर को दिखाए थे। इन वीडियो को देखने के बाद महिला ने पड़ोसियों को मामले की जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शख्स को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रहा है कि उसने कुत्तों को कैसै मारा है? आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की आगामी जांच भी की जा रही है।

'बदला लेने के लिए कुत्तों को मारा'

स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी इलेक्ट्रिक हीटर में पानी गरमा रहा था, ताकि तीसरे पालतू जानवर पर डाला जा सके। हालांकि उसके मारने से पहले वहां पुलिस पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर एनिमल एक्टिविस्ट और बंगाली एक्टर देबोलिना दस्ता भी वहां पहुंचीं। उन्होंने बताया कि एक वीडियो में वह गर्व से बता रहा है कि उसने एक कुत्ते को गला घोट कर और दूसरे के सिर को कुचलकर मारा है। उनका आरोप है कि शख्स ने अपने लिव-इन पार्टनर से बदला लेने के लिए ऐसा किया है।

 

यह भी पढ़ें: ईरान में इराक सीमा पर कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 की मौत; 16 घायल

फर्श पर खून बिखरा मिला

पुलिस का कहना है कि रिश्तों में तनाव आने के बाद महिला घर छोड़कर चली गई थी। इसी से खफा होकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। यह घटना पिछले शनिवार की बताई जा रही है। आरोपी ने महिला को वीडियो कॉल में दिखाया कि उसका एक कुत्ता फंदे से लटका है। जब पुलिस फ्लैट में पहुंची तो वहां फर्श पर खून पड़ा मिला। आरोपी ने दूसरे कुत्ते को ईं-पत्थर से पीट-पीटकर मारा है। टॉलीगंज से बीजेपी विधायक पापिया अधिकारी ने आरोपी को मानसिक तौर पर अस्थिर बताया। उन्होंने कहा कि उसे खुलेआम घूमने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।