उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपने पिता और पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे अपनी पत्नी के साथ पिता के अवैध संबंधों का शक था। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक क्लीनिक चलाता था। वारदात के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है। 

 

घटना खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव की है। पुलिस के मुताबिक मृतक पिता की पहचान 50 वर्षीय रियाजुद्दीन और मृतक महिला का नाम सना है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोमिन ने खुद ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी है।

 

यह भी पढ़ें: पहलगाम हमला: चीन से लश्कर तक पहुंचा GoPro कैमरा, NIA की चार्जशीट में खुलासा

क्लीनिक चलाता है आरोपी मोमिन

खुर्जा सीओ शोभित कुमार के मुताबिक आरोपी मोमिन गांव कलंदरगढ़ी का रहने वाला है। वह सुदेशपुर गांव में एक क्लीनिक चलाता था। रविवार की दोपहर उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पिता रियाजुद्दीन और अपनी 22 वर्षीय पत्नी सना पर हमला कर दिया। 

पिता ने घर तो पत्नी ने अस्पताल में तोड़ा दम

गोली लगने से प्रॉपर्टी डीलर पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल सना को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल से वारदात को अंजाम दिया है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: 'बंगाल हो या पंजाब, कॉकरोच का इलाज हो जाएगा...', कुमार विश्वास ने कसा तंज

10 दिन पहले सना ने बेटे को दिया था जन्म

पुलिस का कहना है कि मोमिन ने अपने पिता को दो और पत्नी को एक गोली मारी थी। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पिछले साल फरवरी महीने में ही सना की शादी मोमिन से हुई थी। 10 दिन पहले उसने बेटे को जन्म दिया था। उसे अपनी पत्नी के साथ पिता के अवैध संबंधों का शक था। इस पर कई बार विवाद भी हो चुका था। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े होने के कारण रियाजुद्दीन ने अपनी सुरक्षा की खातिर लाइसेंसी पिस्टल ले रखा था।