पंजाब के बठिंडा जिले के भाई बख्तौर गांव से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट में बची राख से मृतक के आर्टिफिशियल घुटनों के इंप्लांट निकाल लिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, जब युवक इन इंप्लांट को लेकर वहां से जाने की कोशिश कर रहा था उस समय गांव वालों ने उसे देख लिया। कुछ गांव वालों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया और उसके पास से दोनों आर्टिफिशियल घुटने बरामद कर लिए। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
इस मामले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने जांच भी की। पुलिस का कहना है कि युवक कबाड़ बीनने वाला था और वह श्मशान की राख में पैसे या सिक्के तलाश रहा था। पुलिस ने कहा है कि परिवार ने अभी लिखित में कोई शिकायत नहीं दी है इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'पूरे गांव के पास एक ही पायजामा था', विधायक सादिक के बयान पर क्यों मचा हंगामा?
क्या है पूरा मामला?
द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भाई बख्तौर गांव के रहने वाले सौदागर सिंह की मौत के बाद परिवार ने श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। सौदागर सिंह के दोनों घुटनों में पहले से नी रिप्लेसमेंट के दौरान आर्टिफिशियल जोड़ यानी इंप्लांट लगाए गए थे। अंतिम संस्कार के बाद धातु से बने इंप्लांट राख में बचे रह गए। परिवार बाद में इन्हें अस्थियों के साथ ले जाने वाला था। इसी दौरान एक युवक श्मशान घाट में राख को खंगालता हुआ दिखाई दिया। लोगों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने क्या बताया?
ग्रामीणों के मुताबिक, युवक राख में कुछ तलाश रहा था। आरोप है कि उसने राख से दोनों आर्टिफिशियल घुटने निकाल लिए और वहां से जाने लगा। जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से आर्टिफिशियल घुटने मिले। इसके बाद इंप्लांट मृतक के परिवार को वापस सौंप दिए गए।
यह भी पढ़ें: सड़क पर पेशाब करने पर टोका, 5 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला
पुलिस ने क्या बताया?
घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने युवक के नशे का आदी होने की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सब-इंस्पेक्टर हरबंस सिंह के मुताबिक, युवक कबाड़ बीनने वाला था और संभवत वह राख में पैसे या सिक्के तलाश रहा था। उनके मुताबिक, घटना की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन मृतक के परिवार ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। इसी वजह से फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
