उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शख्स पर आरोप लगा है कि उसने शादी के तीन महीने बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी की हत्या करने के बाद वहां से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जब आरोपी ने हत्या की वजह बताई तो सभी हैरान रह गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसलिए हत्या की क्योंकि पत्नी ने अपना मोबाइल दिखाने से मना कर दिया था। इसके बाद आरोपी पति को पत्नी पर शक होने लगा। साथ ही दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर भी अक्सर बहस होती थी। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का गला काट दिया और घर से फरार हो गया।
यह मामला आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी फरहान ने इसी साल 20 अप्रैल को उज्जमा के साथ निकाह किया था। दोनों के निकाह को तीन महीने भी नहीं हुए थे कि पिछले मंगलवार को उज्जमा की मौत हो गई। पड़ोसियों के मुताबिक, फरहान ने उज्जमा के शव को घर में छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घर का ताला खोलकर उज्जमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पुलिस एनकाउंटर में मारा गया सुजीत सिन्हा, कौन था गैंगस्टर?
खाना न बनाने पर होता था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरहान ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद दोनों के बीच आपसी झगड़े शुरू हो गए थे। आरोपी के अनुसार, यह दोनों की दूसरी शादी थी। निकाह के दौरान दोनों ने फैसला लिया था कि वे अपने-अपने बच्चों का ख्याल रखेंगे। हालांकि, जब फरहान अपने बच्चों के साथ उज्जमा के घर रहने लगा तो उज्जमा बच्चों के लिए खाना नहीं बनाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन बहस होती थी।
मोबाइल नहीं देखने दिया तो पति ने मार डाला
उज्जमा उसे अपना मोबाइल कभी देखने नहीं देती थी। फरहान ने कई बार मोबाइल देखने की कोशिश की लेकिन हर बार दोनों के बीच बहस हो जाती थी। मोबाइल न दिखाने की वजह से फरहान को उज्जमा पर शक होने लगा था। इससे दोनों के रिश्ते में दरार आ गई।
आरोपी के मुताबिक, घटना वाले दिन भी उज्जमा ने खाना नहीं बनाया था, जिस वजह से दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। तभी फरहान ने उज्जमा को सीढ़ियों से गिरा दिया। इसके बाद उसने पत्थर से उसके सिर पर वार किया और गला काट दिया। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए आगरा पुलिस स्टेशन पहुंच गया। हालांकि, वहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: मुंगेर कोर्ट में लगी आग, चैंबर जलकर हुआ राख, शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हादसा
आरोपी ने कबूला अपना गुनाह
पुलिस के अनुसार आरोपी फरहान ने हत्या का आरोप स्वीकार कर लिया है। इसके बावजूद पुलिस की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही मृत उज्जमा के शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
