तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के अलवल इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है जहां एक 23 साल की एमबीबीएस छात्रा ने अपनी पालतू बिल्ली को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान टी श्रेष्ठा उर्फ प्रिंसी के तौर पर हुई है। प्रिंसी ने हाल ही में अपनी मेडिकल की पढ़ाई पूरी की थी और आगे की पीजी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घर में बिल्ली रखने को लेकर पिछले कुछ समय से माता-पिता के साथ उसका मनमुटाव चल रहा था जिससे दुखी होकर उसने घर में अकेले होने पर यह खौफनाक कदम उठा लिया।

 

प्रिंसी पिछले करीब तीन महीनों से एक बिल्ली को पाल रही थी और उससे उसे गहरा लगाव हो गया था लेकिन उसके परिवार के लोग घर में बिल्ली रखने के सख्त खिलाफ थे। परिजनों को मानना था कि बिल्ली की वजह से घर में संक्रमण या एलर्जी जैसी बीमारियां फैल सकती हैं और इसी बात को लेकर घर में अक्सर बहस होती रहती थी। घटना वाले दिन भी इसी विषय पर काफी विवाद हुआ था जिससे छात्रा काफी मानसिक तनाव में आ गई थी।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में वकील की बेटी से लव मैरिज का खूनी अंजाम, ससुराल में दामाद की हत्या

खाली घर में मौत को लगाया गले

जिस समय यह घटना हुई उस वक्त प्रिंसी घर में अकेली थी और उसके माता-पिता काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर को जब घर वालों ने उसे फोन किया और प्रिंसी ने फोन नहीं उठाया, तो उन्हें चिंता होने लगी। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को फोन करके घर जाकर देखने को कहा। जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे, तो उन्होंने प्रिंसी को फंदे से लटका हुआ पाया। तुरंत पुलिस को इस बारे में बताया गया, लेकिन तब तक छात्रा की जान जा चुकी थी।

 

यह भी पढ़ें: आधी रात को पुलिस की गलत रेड और सीने में गोली से दहला मुजफ्फरपुर

पुलिस की जांच

अलवल पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध मौत का केस दर्ज किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिवार ने बताया कि बिल्ली को लेकर घर में तनाव चल रहा था। हैदराबाद के मीरपेट में भी कुछ समय पहले ऐसी ही एक घटना हुई थी, जहां एक छात्रा ने अपनी पालतू बिल्ली की मौत के दुख में खुदकुशी कर ली थी।