सोशल मीडिया पर अपने चर्चित नाम 'मोहम्मद दीपक' से पहचाने जाने वाले जिम मालिक दीपक कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तराखंड के कोटद्वार में पुलिस ने 2 अक्टूबर उन्हें एक बिजनेसमेन के साथ बदसलूकी, मारपीट और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और सबूत जुटाकर यह कार्रवाई की है। शुरुआत में पुलिस ने मामले को शांति भंग और धमकी देने की धाराओं में दर्ज किया था। बाद में जांच आगे बढ़ने पर मामले में धार्मिक माहौल बिगाड़ने और जानबूझकर चोट पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं भी जोड़ दी गईं। 

 

इलाके में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के मकसद से पुलिस ने BNSS की धारा 170 के तहत यह गिरफ्तारी की है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने देर शाम इलाके में फ्लैग मार्च भी निकाला।

 

यह भी पढ़ें: 'BJP 'कार्यकर्ता' की तरह काम कर रही है UP पुलिस', किस बात पर भड़के अखिलेश यादव?

शिकायत के बाद कार्रवाई

कोटद्वार के रहने वाले बिजनेसमेन संजीव टोंक ने पुलिस में शिकायत की थी कि दीपक कुमार ने उनके साथ बदसलूकी की है। साथ ही गाली-गलौज की ओर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की जिसमें पड़ताल करते हुए CCTV फुटेज और मौके के सबूत जुटाए। जांच के आधार पर मामले में धर्म-जाति के नाम पर माहौल खराब करने से जुड़ी धाराएं शामिल की गईं।  इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने  कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। 

 

यह भी पढ़ें: बिजनौर में 'आंटी' के कमरे पर जाते थे दो भाई, HIV से एक की मौत

कैसे सुर्खियों में आए थे 'मोहम्मद दीपक'?

दीपक कुमार जनवरी 2026 में उस समय देशभर में चर्चा में आए थे, जब कोटद्वार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम पर 'बाबा' शब्द लिखे होने को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान कुछ लोग दुकान के नाम का विरोध कर रहे थे। तब दीपक कुमार उस बुजुर्ग दुकानदार के समर्थन में आ गए थे और विरोध करने वालों से तीखी बहस की थी। उसी बहस के दौरान उन्होंने खुद को 'मोहम्मद दीपक' बताया था। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया था, जिसके बाद से लोग उन्हें इसी नाम से जानने लगे थे।