भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के साथ एक नया विवाद जुड़ गया है। उनके भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर लखनऊ के आशियाना थाने में मोहम्मद कैफ और उनके भाई हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के अनुसार, उनकी मुलाकात 2020 में मोहम्मद कैफ से हुई थी।

 

महिला तलाकशुदा है और अपने बच्चे के साथ रहती है। आरोप है कि कैफ ने शादी करने का वादा किया और कई जगहों व होटलों में ले जाकर उसका शारीरिक शोषण किया। महिला का यह भी कहना है कि आरोपी के दबाव बनाने के कारण उसे 2026 में एयरलाइंस की अपनी केबिन क्रू की नौकरी भी छोड़नी पड़ी। 

 

यह भी पढ़ें: कारगिल वॉर हीरो पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद में सिर पर मारी लोहे की रॉड

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता के अनुसार, दोनों की मुलाकात पहली बार कोलकाता में हुई जिसके बाद यह सिलसिला शुरू हुआ। पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2023 में कैफ ने उन्हें कोलकाता के एक होटल में बुलाया और शादी का भरोसा देकर पहली बार शोषण किया। इसके बाद वह लगातार शादी की बात टालते रहे और आईपीएल ऑक्शन के बाद भी शादी करने का बहाना करते रहे।

 

महिला का कहना है कि वह लगातार उनसे शादी करने के लिए कह रही थी और उन पर दबाव बना रही थी। जब उन्होने शादी का दबाव बनाया तो कैफ के भाई हसीब ने उन्हें अमरोहा स्थित अपने घर बुलाया। आरोप है कि 19 मई को वहां पहुंचने पर परिजन और हसीब ने महिला को डराया-धमकाया और साफ कह दिया कि कैफ उससे शादी नहीं करेगा।

 

यह भी पढ़ें: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 1 महिला लापता, 4 लोगों की मौत

पॉडकास्ट हटवाने का दबाव

पीड़िता ने कहा कि जब एक पॉडकास्ट के जरिए अपनी बात रखी तो कैफ ने उसे झांसे में लेकर वह वीडियो हटवा दिया। आरोप है कि जैसे ही इंटरनेट से वह कंटेंट हटा, कैफ अपने वादे से फिर से मुकर गया।

 

महिला का कहना है कि शुरुआत में आशियाना पुलिस ने घटना का इलाका बाहर का बताकर केस दर्ज करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, जिनके निर्देश पर रविवार यानि 13 सितंबर की रात को केस दर्ज किया गया। फिलहाल आशियाना थाना पुलिस का कहना है कि दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जुटाए गए सबूतों के हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।