मुंबई में गणेश उत्सव की तैयारी के बीच 22 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा के अचानक गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं। यह घटना शनिवार, 22 अगस्त की रात करीब 9:51 बजे बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास हुई है। घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, दक्षिण मुंबई स्थित भूलेश्वर इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान 22 फीट ऊंची ‘भूलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिसकी वजह से प्रतिमा गिर गई।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: रोड सेफ्टी के लिए मिले 716 करोड़, आधे से भी कम खर्च; कई प्रोजेक्ट अटके
पुलिस क्या बता रही हादसे की वजह?
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बीएमसी फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें पहुंचीं, राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती छानबीन में सड़क पर कोई बड़ा गड्ढा नहीं मिला है। प्रतिमा का संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है।
2 लोगों की मौत, 2 बच्चियों समेत 5 घायल
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में 33 साल के संकेत नेवशे और 30 साल के बृजेश हेमंत जोशी की मौत हो गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में 5 अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।
घायलों में वैभव घेनंद (उम्र 38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) का नाम शामिल है। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।
