उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक आरोपी ने गोली मारकर एक शख्स की हत्या कर दी। घटना उस समय हुई, जब एक परिवार वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहा था। मृतक हाईवे किनारे एक दुकान पर अपने बच्चों के लिए चिप्स लेने गए थे। तभी एक कार सवार आरोपी ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात से दुकान के आसपास दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह मामला रविवार यानी 26 जुलाई की रात करीब 9 बजे का है, जब 32 वर्षीय अरुण हुड्डा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अरुण के परिवार के मुताबिक, वे वाराणसी में मंदिर के दर्शन करने गए थे और वहां से वापस फरीदाबाद लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह घटना हो गई। इस घटना से अरुण की पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं', बोले बिहार के CM सम्राट चौधरी
कैसे हुई फायरिंग?
इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार फरीदाबाद के दयालपुर का रहने वाला है, जो कार से वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहा था। अरुण पांचाल घाट के पास मौजूद एक दुकान से सामान खरीदने के लिए रुके थे। वह गाड़ी से उतरकर चिप्स, पानी की बोतल और कोल्ड ड्रिंक खरीद रहे थे। तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी और उसमें सवार आरोपी ने अरुण पर दो गोलियां चला दीं। हमले के बाद अरुण जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलाने वाले आरोपी वहां से तुरंत फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: 'अफवाह फैलाई तो खैर नहीं', कांवड़ के लिए UP में तैयारी क्या है?
आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी के खिलाफ कोई सुराग मिल सके। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। इसी वजह से पुलिस मृतक अरुण के परिजन से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं पाईं है।
