उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के अल्लापुर में 26 नवंबर यानी गुरुवार की शाम 6 बजे के आसपास कुछ बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। यूको बैंक के पास स्थित शेरू नाई की दुकान पर पूरा दलेल अल्लापुर के रहने वाले अरविंद पासी शेविंग करा रहे थे। इसी दौरान तीन हमलावर सैलून में अंदर घुसे और नाई की कनपटी पर बंदूक लगाकर अरविंद पर लगातार चार गोलियां दाग दीं।
घायल हालत में अरविंद को अस्पताल ले जाया गया। वहा डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अरविंद अपनी मौसी के घर हो रहे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए तैयार होने सैलून गए थे। हमलावरों ने उन्हें बेहद करीब से निशाना बनाया। उन्हें एक गोली सिर में, एक पीठ पर और दो पेट के पास लगीं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा। पांच भाइयों में चौथे नंबर के अरविंद अपने पीछे नौ साल का एक बेटा छोड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें: 7 साल जेल में रहने के बाद फिर दरिंदगी, दिल्ली में 10 साल की बच्ची से यौन शोषण
कैसे हुई घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो जिस तरह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि हमलावरों ने पहले से पूरी रेकी कर रखी थी। शाम साढ़े छह बजे जब बाजार में काफी चहल-पहल थी, तब तीन शूटर बिना किसी घबराहट के दुकान के अंदर घुसे। एक बदमाश ने नाई को बंदूक के बल पर डरा कर काबू में कर लिया ताकि कोई बीचबचाव न कर सके। जबकि बाकी दो शूटरों ने अरविंद पर गोलियां बरसा दीं। परिजनों का कहना है कि दुकान के बाहर भी हमलावरों के कई साथी मौजूद थे। इन्हें अरविंद के वहां पहुंचने की पल-पल की खबर थी। मृतक अरविंद का भाई अमित भी जार्जटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर है और इस इलाके में पहले भी गैंगवार जैसी घटनाएं होती रही हैं।
गवाही रोकने के लिए हत्या का आरोप
परिजनों ने इस वारदात के पीछे सीधे तौर पर पिछले साल हुए एक चर्चित हत्याकांड की दुश्मनी बताई है। 26 सितंबर 2025 को अल्लापुर में साजन मेहतर की हत्या हुई थी। इसमें अरविंद मुख्य गवाह थे और केस की पैरवी कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि दबंगों का अरविंद पर लगातार गवाही से पीछे हटने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसे लेकर स्थानीय थाने और SP ऑफिस में कई बार शिकायत भी की गई थी लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
घनी आबादी और व्यस्त इलाके में शाम के समय हुई इस हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था और शाम की पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। DCP सिटी सागर जैन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शूटरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता चल सके।
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शोरूम में लगी आग, 26 स्कूटी और 7 ई-रिक्शा जलकर राख
पुलिस ने बताया कि शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस साजन हत्याकांड के नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। चाहे वे जेल में बंद हों या जमानत पर बाहर। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
