भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आज 11 सितंबर को असम की नौगांव लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए देबाशीष शर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। 8 सितंबर 2026 को देबाशीष शर्मा, सीनियर जर्नलिस्ट लेनिन सौरव बोरा और गुंजन कलिता के साथ बीजेपी में शामिल हुए थे। बता दें कि इस सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होगा जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी।  

 

बता दें कि देबाशीष शर्मा असम कैडर के पूर्व वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी और राजनेता हैं। नौगांव उपचुनाव से पहले देबाशीष शर्मा की BJP में एंट्री होते ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें टिकट दिया जा सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: NLU शिमला में अब नहीं खलेगी सुविधाओं की कमी, सरकार बनाएगी हॉस्टल; हटेगी HT लाइन

कौन हैं देबाशीष शर्मा? 

देबाशीष शर्मा अपनी सेवानिवृत्ति तक नौगांव के जिला आयुक्त (डीसी) के रूप में कार्य किया। नौगांव से पहले उन्होंने अगस्त 2022 में मोरीगांव जिले के डीसी के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा, देबाशीष शर्मा गुवाहाटी नगर निगम आयुक्त भी रहे हैं। उन्होंने 1992 में असम सिविल सेवा (ACS) में शामिल होने के बाद सार्वजनिक सेवा में अपनी यात्रा शुरू की थी, बाद में आईएएस 2011 बैच असम-मेघालय कैडर में पदोन्नत हुए थे।  

 

बता दें कि नौगांव की सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे से खाली हुई थी, जिन्होंने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर यह सीट जीती थी। बाद में प्रद्युत बोरदोलोई बीजेपी में शामिल हो गए और बीते विधानसभा चुनावों में दिसपुर सीट से जीत हासिल की थी।  प्रद्युत बोरदोलोई अब बीजेपी के विधायक और मंत्री हैं। 

इन सीटों पर होने हैं उपचुनाव

निर्वाचन आयोग ने 7 सितंबर को असम की नौगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इसके साथ, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की 2-2 विधानसभा सीटों और पुडुचेरी की एक सीट पर उपचुनाव की घोषणा की थी। 


तमिलनाडु की मदुरंतकम और धरपुरम सीटें, पश्चिम बंगाल की रेजिनगर और नंदीग्राम सीटें और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर मतदान होना है। आयोग ने बताया कि नामांकन इस महीने की 16 तारीख तक दाखिल किए जा सकते हैं। मतदान 6 अक्टूबर को और मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।