दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार सुबह दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) की एक बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर पैदल चल रहे लोगों और गाड़ियों से टकरा गई जिसकी वजह से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इससे वहां मौजूद भीड़ भड़क गई।

 

चश्मदीदों के मुताबिक, बस ने सबसे पहले स्कूटर सवार एक युवक को टक्कर मारी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस ने एक ई-रिक्शा और पास की कई दूसरी गाड़ियों को टक्कर मारी। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत पास के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: MP में हाई कोर्ट ने कांग्रेस विधायक की सदस्यता निरस्त की, बीजेपी नेता बने MLA

 

घटना के बाद इलाके में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही हादसे की खबर फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों में गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने बस पर पथराव करना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।

गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने बस में आग लगा दी। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम को कोर्ट ने दी 10 दिन की अंतरिम जमानत

 

हादसे के बाद प्रशासन ने जली हुई बस को मौके से हटवा दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस आखिर कैसे बेकाबू हुई और दुर्घटना की असली वजह क्या थी।