नासिक में एक बड़ी कंपनी (TCS) में काम करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म और जबरन धर्म बदलवाने के मामले में नई बात सामने आई है। पुलिस की जांच टीम SIT को कुछ ऐसी चैट मिली हैं जिनमें 'हानिया' नाम का जिक्र है। पुलिस का कहना है कि ये चैट पीड़िता का धर्म बदलवाने और उसका नाम बदलने की साजिश से जुड़ी हैं। अब शनिवार को नासिक रोड कोर्ट में आरोपी निदा एजाज खान की जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।
पुलिस ने बताया कि जांच में जो बातचीत मिली है वो पीड़िता के धर्म परिवर्तन से जुड़ी है। एक चैट में आरोपी निदा खान अपने रिश्तेदार से कह रही है कि वह आज हानिया के साथ बाहर जा रही है। जब रिश्तेदार ने पूछा कि हानिया कौन है तो निदा ने जवाब दिया कि वही जिसका धर्म बदला गया है। पुलिस का मानना है कि इस मैसेज से केस के कई सबूत मिल गए हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़िता का नाम बदलकर जानबूझकर हानिया रखा गया था ताकि उसकी पुरानी पहचान मिटाई जा सके।
यह भी पढ़ें: 'राष्ट्रीय पशु' बने गाय, बकरीद से पहले मुस्लिम संगठनों ने तेज की मांग
क्या है पूरा मामला?
यह मामला एक ऐसी महिला से जुड़ा है जो एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और जबरन उसका धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। इस मामले में 26 मार्च 2026 को देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने इस पर दुष्कर्म, जबरन धर्म बदलवाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के अलावा दलित और आदिवासी अत्याचार निवारण कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है।
1500 पन्नों की चार्जशीट
पुलिस की जांच टीम ने कोर्ट में लगभग 1500 पन्नों की लंबी चार्जशीट जमा कर दी है। इसमें 4 आरोपियों के नाम हैं जिसमें दानिश एजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तर, निदा एजाज खान और मतीन माजिद पटेल। पुलिस ने दानिश और तौसीफ को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। निदा खान फरार चल रही थी जिसे पुलिस ने 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर से पकड़ा था।
यह भी पढ़ें: एक और NEET छात्रा ने आत्महत्या की, पिता ने बताया किस बात से थी परेशान
AIMIM नेता का नाम आया सामने
इस मामले में छत्रपति संभाजीनगर के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) नेता मतीन पटेल का नाम भी जुड़ गया है। मतीन पटेल उस इलाके के चुने हुए पार्षद हैं। पुलिस का आरोप है कि मतीन पटेल ने फरार आरोपियों को अपने घर में छुपाया था। नासिक पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। निदा खान की गिरफ्तारी भी मतीन पटेल के घर से ही हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नासिक के एसपी संदीप कार्णिक ने एक स्पेशल टीम बनाई है जिसे एसीपी संदीप मिटके देख रहे हैं।
