दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नोएडा के सेक्टर-136 में चल रहे एक कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 164 विदेशी नागरिकों को छुड़ाया है। इनमें इंडोनेशिया के 92 और मलेशिया के 72 नागरिक शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों को भारत में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का लालच देकर बुलाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट छीन लिए जाते थे और उन्हें बंधक बनाकर साइबर ठगी कराई जाती थी। क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि करीब एक सप्ताह पहले एक मलेशिया के नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।

 

इसके बाद पुलिस को एक और ईमेल मिला। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर जानकारी और तथ्यों की पुष्टि की। इसके बाद मिले इनपुट के आधार पर नोएडा में कॉल सेंटर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को छुड़ाया गया। पुलिस ने एक मलेशियाई नागरिक विलियम को गिरफ्तार किया है। जांच में सुनील नाम के एक भारतीय युवक की भूमिका भी सामने आई है, जो विलियम के साथ मिलकर खातों का काम संभालता था।

कैसे चलाया जा रहा था साइबर ठगी?

पुलिस के मुताबिक, विदेशी नागरिकों को नौकरी का झांसा देकर भारत बुलाया जाता था। यहां आने के बाद उनके पासपोर्ट छीन लिए जाते थे और उन्हें पीजी में रखा जाता था। पुलिस ने बताया कि इन लोगों के रहने की जगह की हालत भी दयनीय थी। उन्हें अपनी मर्जी से बाहर जाने की आजादी नहीं थी।

 

इन विदेशी नागरिकों को एक लिखित स्क्रिप्ट दी जाती थी। इसी के आधार पर उनसे उनके अपने देश के लोगों को निशाना बनवाया जाता था। ठगी के लिए फर्जी महिला पहचान और सोशल मीडिया प्रोफाइल का इस्तेमाल किया जाता था। इन प्रोफाइल के जरिए लोगों से ऑनलाइन दोस्ती की जाती थी और धीरे-धीरे उनका भरोसा जीता जाता था।

 

इसके बाद लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता था। उन्हें फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और APK ऐप के जरिए पैसे लगाने के लिए कहा जाता था। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में Zenttrix और Quantvoro नाम के प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।

ईमेल से मिला नेटवर्क का इनपुट

क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले मलेशिया के एक नागरिक ने ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया था। इसके बाद एक दूसरा ईमेल भी मिला। पुलिस ने उस नागरिक से संपर्क कर मामले से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और पुष्टि हासिल की। जानकारी की पुष्टि होने के बाद इंटर स्टेट पुलिस टीम ने नोएडा के सेक्टर-136 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी की। यहां से 164 विदेशी नागरिकों को छुड़ाया गया। इनमें ज्यादातर इंडोनेशिया और मलेशिया के नागरिक थे।

549 डिजिटल डिवाइस बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सिम कार्ड और पासपोर्ट बरामद किए। इनमें शामिल हैं:

  • 355 मोबाइल फोन
  • 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर
  • 26 लैपटॉप
  • 53 सिम कार्ड
  • 174 पासपोर्ट

इस तरह पुलिस ने कुल 549 डिजिटल डिवाइस बरामद किए हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड भी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसकर्मी घायल, आरोपी को मारी गोली

सुनील और विलियम संभालते थे अकाउंट

ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, इस नेटवर्क में सुनील नाम का एक भारतीय युवक और विलियम नाम का एक मलेशियाई नागरिक अकाउंट संभालते थे। पुलिस ने विलियम को गिरफ्तार कर लिया है। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के कामकाज में किया जाता था।


पुलिस को एक सक्रिय बैंक खाते की जानकारी भी मिली थी। इसे दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह लॉक कर दिया। अब पुलिस खातों में हुए लेनदेन और पैसों के स्रोत की जांच कर रही है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि ठगी की रकम कहां भेजी जाती थी और इस पूरे नेटवर्क को कौन-कौन लोग चला रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: मोतिहारी: नेशनल हाइवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

एचजीएस धालीवाल की निगरानी में हुई कार्रवाई

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल (ISC) ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया। पूरी कार्रवाई स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) एचजीएस धालीवाल की निगरानी में हुई। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने, भारतीय हैंडलर्स की भूमिका की जांच करने और अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के इस गिरोह के पूरे वित्तीय लेनदेन का पता लगाने में जुटी है।