ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में गुरुवार को ऐप आधारित कैब-मोटरसाइकिल और ऑटो ड्राइवरों के प्रदर्शन करके बवाल काटा। भुवनेश्वर पुलिस ने बताया कि 19 अगस्त को ज्यादा किराया मांगने के लिए कैब और ऑटो ड्राइवरों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई। इसके बाद पुलिस ने 113 लोगों को गिरफ्तार करके 354 गाड़ियों को जब्त कर लिया। गिरफ्तार लोगों को पुलिस ने स्थानीय कोर्ट में पेश किया।

 

भुवनेश्वर के कमिश्नर ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए 60 लोगों को बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक खारवेल नगर थाने में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सात FIR दर्ज की गई हैं।

 

यह भी पढ़ें: JPSC परीक्षा रद्द करने पर लगी रोक, हाई कोर्ट से हेमंत सरकार को झटका

 

पुलिसकर्मियों पर पथराव किया

 

इन कैब ड्राइवरों और मोटरसाइकिल सवारों में से सैकड़ों लोगों ने बुधवार को राजमहल चौक से एक रैली निकाली और महात्मा गांधी मार्ग पर अपने वाहन खड़े कर दिए। इससे सड़क पर जाम लग गया और मास्टर कैंटीन और रेलवे स्टेशन इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की तो उन्होंने हिंसक रुख अपना लिया और अचानक पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया।

 

13 पुलिसकर्मी घायल हुए

 

प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन के दौरान तीन पुलिस वाहनों और कई बसों में तोड़फोड़ की। भुवनेश्वर-कटक के एडिशनल कमिश्नर नरसिंह भोल ने बताया कि झड़प में कैपिटल थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत कम से कम 13 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

 

क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं कैब ड्राइवर?

 

वाहन बुक करने से जुड़े कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों पर रजिस्टर्ड कैब ड्राइवरों और मोटरसाइकिल सवारों ने किराया बढ़ाने, एप्लिकेशन शुल्क में कटौती, सामाजिक सुरक्षा और अन्य लाभों सहित अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर 17 अगस्त से काम बंद करके विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था।

 

यह भी पढ़ें: पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन की हत्या, आरोपी पति ने अपनी भी बहन को मारा

 

परमिट रद्द करने की हो रही कार्रवाई

 

इस बीच, राज्य परिवहन विभाग ने मुख्य सड़क को बाधित करने के लिए इस्तेमाल किए गए ऑटो-रिक्शा के परमिट निलंबित करने और रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में भुवनेश्वर-1 के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने संबंधित सभी पंजीकृत वाहन के मालिकों और परमिट धारकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

 

नोटिस में वाहन मालिकों से यह जानकारी देने को कहा गया है कि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और क्या उसका इस्तेमाल मालिक की अनुमति, निर्देश या जानकारी में किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि नोटिस पाने वाले वाहन मालिकों को जरूरी दस्तावेजों के साथ लिखित जवाब दाखिल करने और निर्धारित तारीख एवं समय पर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए आरटीओ कार्यालय में मौजूद रहने के लिए कहा गया है।