ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जाखपुरा रेलवे स्टेशन के पास चेन्नई सेंट्रल से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 8 बजकर 51 मिनट पर हुई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया। तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेल मार्ग बहाल करने में जुटी हुई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सुबह 8 बजकर 51 मिनट पर हुआ था। पटरी से उतरने वाले डिब्बों में एक वातानुकूलित (एसी) कोच और दो सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और स्थिति का जायजा लेने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया है।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेलवे अधिकारी की ओर से विशेष राहत टीम को तुरंत जाखपुरा भेजा गया है। साथ ही तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंच गई है, जो डिब्बों को पटरी से हटाने और रेल मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हुई है।
रेलवे प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है
रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि डिब्बे तकनीकी खराबी, ट्रैक में समस्या या किसी अन्य वजह से पटरी से उतरे। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक घोषणाओं पर भरोसा करें।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और रेल सेवाओं को सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल के वर्षों में रेलवे ने सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं। ऐसे में इस घटना को लेकर भी रेलवे स्तर पर गंभीरता से जांच की जा रही है
