राम मंदिर में मिले दान को लेकर चल रही बहस के बीच हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी का बयान सामने आया है। मंगलवार को जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा कि राम मंदिर में दिए गए दान को लेकर हिंदू समाज को कोई परेशानी नहीं है। उनका कहना है कि इस मुद्दे को बेवजह तूल दिया जा रहा है और सिर्फ राम मंदिर को ही निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि अगर हिंदुओं के पास हिंदुओं का पैसा है, तो दूसरों को इससे दिक्कत क्यों होनी चाहिए?
पिंकी चौधरी ने कहा कि दूसरे धर्मों के धार्मिक संस्थानों में मिलने वाले दान पर शायद ही कभी सवाल उठाए जाते हैं, जबकि राम मंदिर से जुड़े मामलों पर लगातार चर्चा होती है। उनका कहना है कि सभी धार्मिक संस्थानों के मामलों को एक समान नजरिए से देखा जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 5 दिन पहले होगी राम मंदिर ट्रस्ट की मीटिंग, चंपत राय, अनिल मिश्रा पर होगा फैसला?
पिंकी चौधरी का पूरा बयान
पिंकी चौधरी ने वीडियो में कहा, 'हिंदू का पैसा अगर किसी हिंदू ने ले भी लिया, भाई तुम लोगों को क्यों मिर्ची लग रही है? तुम लोगों में जितने ने भी ये आवाज उठाई है, मैं उनसे यह पूछना चाहता हूं कि उन्होंने राम मंदिर में जाकर के कितना चंदा दिया, कितने आभूषण चढ़ाए राम जी को। कोई है जवाब किसी के पास? लेकिन सबको केवल एक बात बोलनी है राम मंदिर में चंदा चोरी हो गया है। तुम्हें क्या फर्क पड़ रहा है? हिंदू का दिया हुआ पैसा हिंदू के पास गया। यह जो हिंदू का दिया हुआ पैसा है जिससे मस्जिद बन रही है, मदरसे बन रहे हैं, चर्च बन रही है, उन पर किसी ने आवाज नहीं उठाई।'
यह भी पढ़ें: अलीगंज अग्निकांड: फर्जी NOC के चलते दर्ज हुआ केस, मुश्किल में बिल्डिंग मालिक
राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी पर गरमाई सियासत
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। सबसे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उठाया। इसके बाद कांग्रेस भी इस मामले में सरकार पर हमलावर हो गई। वहीं, AIMIM भी राम मंदिर के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साध रही है।
विपक्षी दलों की कोशिश है कि अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस मुद्दे को चुनावी हथियार बनाया जाए। हालांकि, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा है कि राम मंदिर से जुड़े घोटाले के मामले का राजनीतिक फायदा नहीं उठाया जाना चाहिए।


