उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। वहां सहस्त्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हन इलाके में 9 नवंबर की शाम पारिवारिक झगड़े के दौरान बेटे ने अपने पिता पर हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस के अनुसार, घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में मदन राणा को निकटतम सरकारी कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, ज्यादा खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: 7,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में ओडिशा की महिला अधिकारी बर्खास्त

बहस के बाद कर दी हत्या

मामले की जांच कर रहे सिटी SP शेखर सुयाल ने बताया कि घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से जरूरी सबूत जुटाए गए। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी नितिन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा है। अक्सर वह घर के लोगों के साथ झगड़ा करता रहता था।

 

घटना की रात को भी नशे की हालत में उसकी अपने पिता मदन राणा से किसी बात पर बहस हो गई थी। बहस के दौरान पिता ने जब उसे जोर-जोर से डांटना शुरू किया तो वह अपना आपा खो बैठा। इसी गुस्से में आकर उसने रसोई में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने क्यों कहा बीजेपी 80 सीटों पर ही लड़ने लायक बचेगी?

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस का कहना है कि उन्होंने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी नितिन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।  इस मामले में जो भी आगे की कानूनी कार्रवाई होगी वह की जा रही है।