टीवी सीरियल कसौटी जिंदगी की में काम कर चुकीं एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी विवादों में हैं। उन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान RPF के एक जवान पर ब्लेड से हमला करने का आरोप लगा है। उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में भी लिया गया और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान एक्ट्रेस ने खुद को भी ब्लेड से घायल किया और ट्रेन के कोच का शीशा तोड़ दिया।

 

पुलिस के अनुसार, घटना 12 अगस्त को अरावली एक्सप्रेस में हुई। ट्रेन सूरत की ओर जा रही थी। RPF के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर यामिनीकांत मिश्रा की शिकायत पर बोरीवली GRP ने केस दर्ज किया। बताया गया कि अंतरा एक ऐसी सीट पर बैठी थीं जो दूसरे यात्री के नाम पर रिजर्व थी। सीट खाली करने को लेकर टिकट कलेक्टर से उनका विवाद हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: अलवर: गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से पहले हिरासत में लिए गए छात्र

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

GRP अधिकारी के मुकाबिक, टिकट कलेक्टर ने मामले को सुलझाने के लिए RPF के ASI यामिनीकांत मिश्रा को बुलाया। आरोप है कि मिश्रा ने अंतरा से सीट खाली करने को कहा लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उनकी RPF टीम से बहस हो गई। पुलिस का दावा है कि इस दौरान एक्ट्रेस ने जवानों के साथ गाली-गलौज भी की।

 

पुलिस के मुताबिक, बहस के दौरान अंतरा ने अपने बैग से ब्लेड निकाला और अपने हाथ पर वार कर लिया। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। RPF जवान ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि उन्होंने उस पर भी ब्लेड से हमला कर दिया। मिश्रा ने बचने की कोशिश की लेकिन इस दौरान उन्हें ब्लेड से दो कट लग गए। पुलिस के अनुसार, एक्ट्रेस ने जवान की वर्दी खींची और उसका चश्मा भी फेंक दिया। संघर्ष के दौरान जवान का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

 

यह भी पढ़ें: तेज प्रताप और ऐश्वर्या का रिश्ता टूटा क्यों? खुद बता दिया

दहानू स्टेशन पर उतारा

पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने पर अंतरा ने कोच के दरवाजे के शीशे पर भी लात मारी, जिससे शीशा टूट गया। स्थिति बगड़ती देख RPF जवानों ने कोच के अंदर के दरवाजे सुरक्षित कर दिए। इसके बाद एक्ट्रेस को दहानू स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया गया।

 

बाद में बोरीवली GRP में मामला दर्ज किया गया। एक्ट्रेस को कुछ समय हिरासत में रखने के बाद भारतीय नागरिक सुरक्ष संहिता (BNSS) के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अंतरा पर लगाए गए आरोप पुलिस की शिकायत और जांच पर आधारित हैं।