तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक ही आरोपी ने 6 लोगों की हत्या कर दी। इन हत्याओं के आरोपी पर पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था। इसी आरोप में वह जेल में बंद था। जेल से बाहर निकलते ही आरोपी ने 6 लोगों की हत्या कर दी। आरोपी ने सबसे पहले नाबालिग लड़की, उसकी मां और नानी को मौत के घाट उतारा। इसके बाद अपनी पत्नी और दो बच्चों की भी जान ले ली। 6 हत्याएं करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
यह मामला रंगारेड्डी जिले के राबलगुडा गांव का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम राजू है। शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे आरोपी नाबालिग लड़की के घर पहुंचा, जहां उसने लड़की, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपने घर गया और अपने परिवार को भी खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें: राजस्थान पुलिस के रिकॉर्ड में 'दलित' शब्द बैन, वजह क्या है?
जेल से निकलते ही की पीड़िता की हत्या
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजू रात करीब 10:45 बजे गांव पहुंचा, जहां उसने नाबालिग पीड़िता के घर का दरवाजा खटखटाया। जब पीड़िता की मां ने दरवाजा खोला तो उसने चाकू से हमला कर दिया। साथ ही घर में मौजूद पीड़िता की 60 साल की नानी की भी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पीड़िता को अपनी कार में बैठाकर गांव के झील किनारे ले गया, जहां चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं फेंक दिया।
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में रात के अंधेरे में हुआ एनकाउंटर, दीपक नांदल गैंग के 4 आरोपी मारे गए
अपने ही परिवार की हत्या
पीड़िता की हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और दो बच्चे सो रहे थे। आरोपी ने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक 6 हत्याएं करने के बाद आरोपी राजू ने अपने पिता को फोन किया। उसने बताया कि उसने 6 लोगों की हत्या कर दी है और अब आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद आरोपी के पिता ने पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी 6 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी राजू की तलाश जारी है।
