जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधा है। उन्होंने राज ठाकरे को 'लंपट एलिमेंट' बताते हुए कहा कि जब उन्हें कोई नहीं पूछता, तो वह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के बारे में बोलकर मीडिया में जगह पाने की कोशिश करते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि ऐसे लोगों को तरजीह नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे को खुद ही नहीं पता कि वह कहां खड़े हैं। वह कभी मोदी के साथ होते हैं, तो कभी उनके खिलाफ बयान देने लगते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी के पिताजी का राज नहीं है।

 

दरअसल, मुंबई के कई रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के मौके पर भोजपुरी गीत बजाए जाने को लेकर विवाद हुआ है। इस पर राज ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधा था। राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल मुंबई में मराठी और हिंदी भाषी लोगों के बीच तनाव पैदा करने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सोशल मीडिया के जरिए सांस्कृतिक अतिक्रमण को हवा दे रही है और आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव को ध्यान में रखकर ऐसा कर रही है। राज ठाकरे ने बीजेपी पर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होंने मराठी लोगों से ऐसी साजिशों में न फंसने और महाराष्ट्र के हितों के लिए एकजुट रहने की अपील की।

'कभी मोदी का गुणगान तो कभी शिकायत'

प्रशांत किशोर ने कहा, 'आप लोग राज ठाकरे जैसे लंपट एलिमेंट को अनावश्यक जगह देते हैं। इस आदमी को जब कोई नहीं पूछता है, तो ये यूपी-बिहार के लोगों के बारे में बोलकर अपने लिए मीडिया में जगह पाते हैं। ऐसे लोगों को आपको बिल्कुल तरजीह नहीं देनी चाहिए।'

 

यह भी पढ़ें: 'गर्व की बात', पटना को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' सम्मान मिलने पर बोले CM सम्राट

 

उन्होंने कहा कि राज ठाकरे का कोई स्थायी राजनीतिक रुख नहीं है। प्रशांत किशोर ने कहा, 'राज ठाकरे कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करने लगते हैं, तो कभी उनकी शिकायत करने लगते हैं। कभी इधर हो जाते हैं, कभी उधर। उनका एक ही एजेंडा है कि किसी भी तरह मीडिया में बने रहें। जब छह महीने तक कोई नहीं पूछता, तो बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ कुछ बोल देते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 'हिंदुओं को मुसलमानों से सीखना चाहिए', क्या नसीहत दे रहे हैं रघुराज प्रताप सिंह?

'राज ठाकरे कौन हैं?'

प्रशांत किशोर ने कहा कि महाराष्ट्र में एनडीए और बीजेपी की सरकार है। उन्होंने कहा, 'कौन पूछ रहा है कि राज ठाकरे कहां हैं? भाई, वहां सरकार एनडीए की है, बीजेपी की है। हिंदी भाषी लोगों के साथ कुछ गलत होगा, तो बिहार के लोग, उत्तर प्रदेश के लोग और हिंदी भाषी लोग बीजेपी से सवाल पूछेंगे, उनसे उत्तर मांगेंगे। किसी के पिताजी का राज थोड़ी है। राज ठाकरे कौन हैं?'