उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक डॉक्टर ने नशे में ही गर्भवती महिला का ऑपरेशन कर दिया। नतीजा यह हुआ कि महिला की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन उसे बरेली ले जाया जा रहा था। मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला शाहजहां जिले के एक प्राइवेट अस्पताल का है।
शाहजहांपुर (ग्रामीण) की अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) दीक्षा भंवरे ने शुक्रवार को बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के ककरहा गांव की रहने वाली जूली (22) को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे निजी एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन पुवायां पहुंचने पर एंबुलेंस चालक ने गाड़ी एक प्राइवेट अस्पातल के सामने रोक दी और कहा कि यहीं पर दिखा दीजिए।
यह भी पढ़ें: कहीं सिर्फ टिन शेड, कहीं बाथरूम नहीं, दिल्ली में कैसे हालात में रह रहे छात्र?
एएसपी दीक्षा भंवरे ने कहा कि निजी अस्पताल के डॉक्टर फिरोज ने शहर के एक अन्य डॉक्टर को तुरंत वहां बुला लिया। आरोप है कि बुलाया गया डॉक्टर नशे में था। उसने नशे की हालत में ही जूली का ऑपरेशन किया। जब हालत बिगड़ी तो बरेली ले जाने को कहा।
एएसपी ने बताया कि बरेली ले जाते वक्त महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 यानी गैर इरातन हत्या के आरोप में निजी अस्पताल के डॉक्टर फिरोज और ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार में अब 10 तारीख को आएगी पेंशन, CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा एलान
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक डॉ.केपी ने महिला का ऑपरेशन किया गया। प्रसूता की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने पलिया-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में विशेषज्ञ महिला डॉक्टर नहीं होने के बावजूद प्रसूता को भर्ती किया गया था।
उधर, पुलिस का कहना है कि संचालक अस्पताल में ताला लगाकर फरार हो चुके हैं। तलाश की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. विवेक मिश्रा का कहना है कि अस्पताल का पंजीकरण था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
