पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ा दांव खेला है। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी से आए राघव चड्ढा और हरभजन सिंह को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। बीजेपी ने पंजाब में हरभजन सिंह, सांसद राघव चड्ढा और वरिष्ठ वकील एचएस फुल्का को मैनिफेस्टो कमेटी में जगह दी है। पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना  कमेटी के अध्यक्ष होंगे।

 

पार्टी ने आगामी चुनाव में चुनावी रणनीति को धार देने के लिए राज्य में मेनिफेस्टो कमेटी और चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। पंजाब में बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को दोनों कमेटियों के गठन का ऐलान किया। इसमें कई अन्य सांसदों को अहम जगह मिली है। यह बीजेपी का एक बड़ा दांव माना जा रहा है।  

 

यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को कितना आसान बनाएगा Digi Yatra, नया प्लान क्या बदलेगा?

मेनिफेस्टो कमेटी और चार्जशीट कमेटी में कौन-कौन शामिल 

बीजेपी ने राज्य में मेनिफेस्टो कमेटी और चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को दोनों कमेटियों के गठन का ऐलान किया। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को मेनिफेस्टो कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इस 13 सदस्यीय कमेटी में राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और एचएस फुल्का के अलावा मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता और परमपाल कौर शामिल हैं। 

वहीं, चार्जशीट कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। इस कमेटी में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बाबू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ शामिल हैं। 

मेनिफेस्टो कमेटी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी

भारतीय जनता पार्टी के मुताबिक, पंजाब में मेनिफेस्टो कमेटी पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी, जबकि चार्जशीट कमेटी को अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी अध्यक्ष ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कुछ और महत्वपूर्ण कमेटियों का गठन होगा। बता दें कि आम आदमी पार्टी के शुरुआती दौर से जुड़े रहे राघव चड्ढा कभी अरविंद केजरीवाल के करीबी और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाते थे। ऐसे में उन्हें मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल करना बड़ा दांव माना जा रहा है।   

 

राघव 2011 के अन्ना आंदोलन के दौरान वह AAP से जुड़े थे। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के पीछे उनकी रणनीति की अहम भूमिका मानी जाती है। इसके अलावा दूसरी ओर पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने क्रिकेट से संन्यास के बाद 2022 में AAP का हाथ थामा था, इसके बाद पार्टी ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा भेजा था।  

 

हालांकि 24 अप्रैल 2026 को दोनों ने AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान कर दिया। राघव चड्ढा ने कहा कि AAP अपने मूल सिद्धांतों और ईमानदार राजनीति के रास्ते से भटक गई है।