पंजाब के लुधियाना से मारपीट का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स महिला को सड़क पर नीचे गिराकर पीटता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला शख्स महिला का पति है और वह शादी के बाद महिंद्रा थार की मांग कर रहा था। बाद में उसने बाइक की मांग भी शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने की वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 21 अक्टूबर की रात भी बाइक को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पति ने महिला के साथ घर के बाहर सड़क पर मारपीट की। वीडियो में शख्स महिला के बाल पकड़कर उसे खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। ट्विंकल ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और सबूत के तौर पर CCTV फुटेज भी सौंपे हैं।
शख्स की पहचान रितिश शर्मा और महिला की पहचान ट्विंकल के रूप में हुई है। रितिश शर्मा हेल्थकेयर सेक्टर में काम करता है, जबकि ट्विंकल एक सैलून चलाती है। रितिश की यह पहली शादी थी, जबकि ट्विंकल का इससे पहले एक बार तलाक हो चुका था। दोनों की मुलाकात ट्विंकल के तलाक के दौरान हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। कुछ महीने बाद दोनों ने शादी कर ली।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में वायुसेना का एयर शो, वह सब जो आप जानना चाहते हैं
सीसीटीवी वीडियो में क्या दिख रहा?
सीसीटीवी वीडियो में घर के बाहर कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में एक शख्स महिला को कुछ समझाता नजर आता है, लेकिन इसके बाद वह उस पर हमला कर देता है। वह महिला पर झपटता है, जिससे वह सड़क पर गिर जाती है। घर के बाहर खड़े लोग बीच-बचाव करते दिखाई देते हैं, लेकिन शख्स महिला को पैर से मारता है और उसके बाल पकड़कर खींचता है। ट्विंकल के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात बाइक को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। खुद को बचाने के लिए वह घर से निकलकर पड़ोसी के घर चली गई। आरोप है कि रितिश उसके पीछे वहां पहुंच गया और उसके साथ मारपीट करने लगा।
यह भी पढ़ें: हाई एल्टीट्यूड, कम ऑक्सीजन और दुर्गम चौकियां, कितनी मुश्किल है ITBP की ड्यूटी?पहले थार फिर बाइक मांगने का आरोप
रितिश शर्मा और ट्विंकल ने पिछले साल नवंबर में शादी की थी। ट्विंकल के मुताबिक, शादी के करीब तीन महीने बाद रितिश ने उससे महिंद्रा थार की मांग शुरू कर दी थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच लगभग रोज झगड़े होने लगे। विवाद बढ़ने पर एक मध्यस्थ को बुलाया गया, जिसने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। हालांकि, ट्विंकल का आरोप है कि इसके बाद रितिश ने बाइक की मांग शुरू कर दी। 21 अक्टूबर की घटना के बाद ट्विंकल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस रितिश शर्मा के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
