राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल करोड़ों रुपये की चोरी होने का दावा किया गया है। यह दावा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल करीब 18 करोड़ रुपये की दान राशि चोरी हो रही थी। उन्होंने इसको लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को भेजे गए एक पत्र का हवाला भी दिया। 

 

राज ठाकरे ने कहा कि जब देश का निराश युवा मंदिर जाता है, तो उसे पता चलता है कि मंदिरों में भी चोरी हो रही है। उन्होंने राम मंदिर में चोरी का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि राम मंदिर चोरी पर सरकार का कोई भी प्रतिनिधि इस पर एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मुद्दे पर बोलना चाहिए। 

 

यह भी पढ़ें: पटना SSP पर भड़के क्यों प्रशांत किशोर? चुनाव में गड़बड़ी के सबूत दिए

राज ठाकरे का बड़ा दावा

राज ठाकरे ने कहा कि इस चोरी के पकड़े जाने से पहले मंदिर में दान से होने वाली साप्ताहिक आय 50 लाख रुपये से भी कम थी लेकिन बाद में दान की राशि बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गई। ठाकरे का दावा है, 'हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी की गई है।' बता दें कि इससे पहले मार्च 2026 में मंदिर के अंदर दानपेटी से पैसे चुराने के आरोप में कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई थी। उस समय सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया था। राज ठाकरे ने का दावा है कि मंदिर के न्यासियों (ट्रिस्टियों) द्वारा डिप्टी सीएम को लिखे गए पत्र के मुताबिक सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल लगभग 18 करोड़ रुपये की हेराफेरी की जा रही थी। 

मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन ने क्या बताया?

सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता सदा सरवणकर ने बताया कि इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जहां भी जरूरत पड़ी, हमने मामले दर्ज किये हैं।' सरवणकर का कहना है कि दान में बढ़ोतरी ट्रस्ट की कोशिशों की वजह से हुई है। हालांकि, राज ठाकरे का यह दावा है कि मंदिर से हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी होती थी।   

 

यह भी पढ़ें: अभिजीत दीपके की पढ़ाई और CJP फंडिंग पर सवाल क्यों उठे?

बीजेपी विधायक ने कहा- सबूत है तो पुल‍िस को सौंपें 

इसपर बीजेपी विधायक राम कदम ने समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए कहा, 'राज ठाकरे खुद अक्सर दर्शन के लिए सिद्धिविनायक मंदिर जाते हैं। मैंने उनके साथ पांच साल काम किया है और भगवान गणेश उनके आराध्य देव हैं। गणेश मंदिर के बारे में ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। अगर उनके पास कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें इसे पुलिस को सौंपना चाहिए। मामले की पूरी जांच की जाएगी।'

 

इसको लेकर ठाकरे पर तीखी टिप्पणी करते हुए कदम ने कहा कि मीडिया के सामने इस बारे में बात करने से सुर्खियां तो मिल सकती हैं लेकिन इससे किसी भी मंदिर में ऐसी घटनाओं को रोकने का मकसद पूरा नहीं होगा। पुख्ता जानकारी दिए बिना सिर्फ मीडिया के सामने बोल देना, यह उनका सुर्खियों में आने का प्रयास है।