उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टियां अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। किसको कहां से मैदान में उतरना है उसकी तैयारी तेजी से चल रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पारंपरिक सीट जहूराबाद (गाजीपुर) के साथ-साथ अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट से भी चुनाव लड़ने का एलान कर पूर्वांचल से लेकर अवध तक की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
राजभर के इस दोहरे दांव को लेकर सियासी गलियारों में दो प्रमुख चर्चाएं हैं, क्या यह जहूराबाद के बदलते चुनावी समीकरणों का दबाव है या फिर अवध क्षेत्र में पार्टी के विस्तार की सोची-समझी रणनीति?
जीत की हैट्रिक आसान नहीं?
ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट से लगातार दो बार (2017 और 2022) विधायक चुने जा चुके हैं। हालांकि, दोनों चुनावों में उनके गठबंधन सहयोगी अलग-अलग थे। इसका सीधा असर जीत के अंतर और वोट शेयर पर दिखाई दिया। 2017 चुनाव (बीजेपी गठबंधन) में वोट शेयर 37.6% था जिसमें जीत का अंतर 18,081 वोट (7.8%) था। वहीं 2022 चुनाव (सपा गठबंधन) वोट शेयर 46.5% (1,14,860 वोट) और जीत का अंतर 45,632 वोट (18.5%) रहा।
बदलते समीकरणों की चुनौती
2022 में सपा के साथ गठबंधन करने पर यादव और मुस्लिम वोटों के जुड़ने से राजभर की जीत का अंतर ढाई गुना बढ़ गया था। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव (बलिया संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत) में जब सुभासपा वापस एनडीए के साथ आई, तो जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को 14,187 वोटों (5.9%) की बढ़त मिल गई।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बार-बार गठबंधन बदलने से पैदा हुई एंटी-इनकंबेंसी और 2024 के नतीजों ने जहूराबाद की राह कठिन कर दी है। चर्चा है कि राजभर जहूराबाद से अपने किसी बेटे को उतारकर परिवार की पकड़ बनाए रखने और खुद के लिए एक सुरक्षित विकल्प तलाशने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने दोनों बेटों (अरविंद और अरुण राजभर) के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सीट शेयरिंग पर भी चर्चा की है।
अवध में विस्तार और 'राज्य स्तरीय दल' का लक्ष्य
अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट का चुनाव केवल सुरक्षित सीट की तलाश नहीं, बल्कि सुभासपा के बड़े संगठनात्मक लक्ष्य का हिस्सा माना जा रहा हैं। सुभासपा का पारंपरिक आधार गाजीपुर, मऊ और बलिया जैसे जिलों तक सीमित रहा है। अकबरपुर में राजभर समुदाय की अच्छी आबादी है। यहां से चुनाव लड़कर राजभर अंबेडकरनगर, बस्ती और आसपास के अवध क्षेत्र की सीटों पर अपनी पार्टी की पहचान मजबूत करना चाहते हैं।
सियासी जानकारों के मुताबिक, सुभासपा की नजर 2027 में कम से कम 13 विधानसभा सीटें जीतकर 'राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दल' का दर्जा हासिल करने पर है। खुद राजभर यह दावा कर चुके हैं कि 2022 में उन्होंने अंबेडकरनगर की पांचों सीटें सपा को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इन्हें अब वह एनडीए के पाले में लाना चाहते हैं।
अकबरपुर में 'राजभर बनाम राजभर' की महाटक्कर
यदि ओम प्रकाश राजभर अकबरपुर से मैदान में उतरते हैं तो यहां बेहद दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। वर्तमान में इस सीट से समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता राम अचल राजभर विधायक हैं, जिनका इस क्षेत्र में दशकों पुराना मजबूत आधार है 1993 से 2022 के बीच वह केवल 2012 का चुनाव हारे हैं। दूसरी ओर, ओम प्रकाश राजभर के पास कैबिनेट मंत्री का कद, पार्टी का कैडर वोट और बीजेपी सहित एनडीए का समर्थन होगा।
कुल मिलाकर, राजभर का यह एलान एक तीर से कई निशाने साधने जैसा है। वहां एक तरफ वह एनडीए में सीट बंटवारे से पहले अपनी मोलभाव की ताकत बढ़ा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ अपने बेटों के लिए पूर्वांचल की सीटों (जहूराबाद या अतरौलिया) की जमीन तैयार करते हुए खुद अवध में पार्टी का विस्तार करने की तैयारी में हैं।
