पंजाब के मोहाली में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने शुक्रवार को बर्खास्त AIG राजजीत सिंह हुंदल को अदालत परिसर से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) के एक नए मामले में की गई है। नए मामले में मोहाली की विशेष अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इसको लेकर ANTF ने सात दिन की कस्टडी मांगी थी।
इससे पहले राजजीत सिंह हुंदल को पुलिस-ड्रग गठजोड़ के मामले में पेश किया गया था। राजजीत सिंह का 3 दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो चुका था। इस केस में ANTF 5 लाख रुपये की कथित रिश्वत बरामद नहीं कर पाई, जिसके बाद अदालत ने हुंदल को न्यायिक हिरासत में भेजा। इस आदेश के आते ही ANTF ने उन्हें नए केस में गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: 'जो साथी साथ आना चाहते हैं, हम सब भूल जाएंगे', किसे लुभा रहे हैं अखिलेश यादव?
किस नए मामले में गिरफ्तार हुए राजजीत सिंह?
टाइम्स आफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नया केस राजजीत सिंह पर इंदरजीत सिंह की मदद करने का आरोप है, जिसके खिलाफ STF ने 12 जून, 2017 को मोहाली के स्पेशल टास्क फोर्स पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 1 दर्ज की थी। यह FIR NDPS एक्ट के सेक्शन 21, 22 और 59(2)(b) और IPC के सेक्शन 218, 466, 471 और 120-B के तहत दर्ज की गई थी।
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के सामने मौजूद रिकॉर्ड के मुताबिक, इंदरजीत सिंह की जांच में ड्रग तस्करों के साथ मिलीभगत, ड्रग तस्करी में मदद करने, लोगों को झूठे ड्रग केस में फंसाने और जबरन वसूली के आरोप सामने आए थे। जांच में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की जब्ती से जुड़े मामलों में जांच प्रक्रिया के कथित गलत इस्तेमाल की भी जांच की गई।
4 दिन की रिमांड पर राजजीत सिंह
ANTF ने शुक्रवार को राजजीत सिंह हुंदल को इस नए मामले में कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया और मोहाली की एक स्पेशल कोर्ट से उनकी चार दिन की पुलिस रिमांड हासिल किया। इस मामले में जांच एजेंसी ने सात दिन की कस्टडी मांगी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि हुंदल ने 2017 की FIR के सिलसिले में उस समय के इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह की मदद की थी।
