संजय सिंह, पटना। बिहार सरकार ने 80 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें जमीन, प्लॉट या फ्लैट का निबंधन (Registration) कराने के लिए रजिस्ट्री ऑफिस के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। न लंबी लाइन में लगना होगा और न ही धूप-बारिश में घर से निकलना पड़ेगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाजीपुर निबंधन कार्यालय से इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया। सात निश्चय-3 के तहत सबका सम्मान, जीवन आसान कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू हुई इस सुविधा से अब बुजुर्ग घर बैठे ही जमीन का निबंधन करा सकेंगे।
कैसे घर बैठे होगा निबंधन? 4 स्टेप में पूरा काम
मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने इस प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया है। इसके लिए सरकार ने मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट शुरू की है।
यह भी पढ़ें: मायके से पत्नी नहीं आई, बाप ने बेटे के साथ खाया जहर; दोनों की मौत
स्टेप 1: ऑनलाइन स्लॉट बुक करें
सबसे पहले बुजुर्ग या उनके परिजनों को निबंधन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। स्लॉट बुकिंग के समय आधार कार्ड की फोटो अपलोड करना जरूरी है। इसी से उम्र की पुष्टि होगी।
स्टेप 2: मोबाइल यूनिट पहुंचेगी घर
स्लॉट मिलने के बाद तय तारीख और समय पर सरकार की मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट आवेदक के घर पहुंचेगी। इस गाड़ी में इंटरनेट वाला लैपटॉप, बायोमेट्रिक डिवाइस, वेबकैम और आधार प्रमाणीकरण की पूरी व्यवस्था होगी।
स्टेप 3: घर पर ही सत्यापन और निबंधन
घर पहुंचकर अधिकारी दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। इसके बाद बुजुर्ग का बायोमेट्रिक और आधार वेरिफिकेशन होगा। फिर तुरंत निबंधन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ सरकार के भरोसे न रहें, अपने क्षेत्र के CEO बनें विधायक'- CM सम्राट चौधरी
स्टेप 4: पीडीएफ मिलेगा मोबाइल पर
निबंधन पूरा होते ही सभी दस्तावेजों का पीडीएफ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए भेज दिया जाएगा। कागज का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सरकार ने मोबाइल यूनिट को पूरी तरह डिजिटल बनाया है। इसमें पेपरलेस निबंधन होगा। निबंधन से पहले खरीदार को संपत्ति की पूरी जानकारी भी दी जाएगी। अगर कोई जानकारी चाहिए तो अंचल अधिकारी या राजस्व अधिकारी 10 दिनों के अंदर विवरण देंगेl फिलहाल यह सुविधा पटना और हाजीपुर के 10 निबंधन कार्यालयों में शुरू की गई है। सरकार ने कहा है कि जल्द ही इसे पूरे बिहार में लागू कर दिया जाएगा।
सीएम ने क्या कहा
शुभारंभ के मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार बुजुर्गों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल से 80 प्लस नागरिकों को अब यात्रा और भीड़-भाड़ की परेशानी नहीं होगी। वे घर की सुविधा और सम्मान के साथ अपना काम करवा सकेंगे।
