पंजाब विधानसभा में आज हाई वोल्टेज हंगामा हुआ। एक तरफ विधानसभा परिसर के अंदर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस और टकराव देखने को मिला। वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधने के लिए एक शराब की बोतल के जरिए सियासी व्यंग्य किया। बिट्टू की इस प्रतीकात्मक राजनीतिक के बाद नया विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के सीएम विदेश से मंहगी शराब लेकर आ रहे थे जिसके कारण उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था। 

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को घंटी के आकार के ढक्कन वाली एक महंगी विदेशी शराब की बोतल लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह यह बोतल सीएम भगवंत मान को देने आए हैं। बिट्टू का यह तंज सीएम भगवंत मान के फ्रांस से परिवार के साथ लौटने के बाद दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर हुए कथित कस्टम विवाद से जुड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान सीएम मान को करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा था।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में SIR के बाद 99.32 लाख वोटरों के नाम कटे, कैसे चेक करें अपना नाम?

 

क्या बोले बिट्टू?

बिट्टू ने बोतल और घंटी के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम अधिकारियों को फोन करके निर्देश देते हैं और DGP, मुख्य सचिव और राजबीर घुमन को बुलाते थे। ये निर्देश राजनीतिक विरोधियों और निर्दोष लोगों के खिलाफ मामले दर्ज करने से लेकर, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों पर कार्रवाई करने तक से जुड़े होते थे। इसके साथ ही बिट्टू ने आरोप लगाया कि सीएम दिल्ली में बैठे प्रभावशाली राजनीतिक आकाओं तक अवैध पैसा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पंजाब सरकार किसके हितों के लिए काम कर रही है। 

 

टल्ली शब्द का प्रयोग

रवनीत बिट्टू ने अपने इस व्यंग में बोतल के घंटी आकार के ढक्कन का इस्तेमाल किया। घंटी को पंजाबी भाषा में टल्ली भी कहते हैं। इसके अलावा पंजाबी में टल्ली का अर्थ दारू पीने के बाद नशे की स्थिति से भी है। रवनीत बिट्टू और अन्य विपक्षी नेता पंजाब के सीएम भगवंत मान पर लगातार शराब पीने का आरोप लगाते रहे हैं। ऐसे में बिट्टू ने एक बार फिर व्यंगात्मक तरीके से यह आरोप सीएम पर लगाया। 

 

विधानसभ में टकराव

एक तरफ रवनीत बिट्टू विधानसभा परिसर में सीएम भगवंत मान पर शराबी होने और पंजाब के हितों से समझौता करने का आरोप लगा रहे थे। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के विधायकों और सत्तारूढ़ दल के विधानयकों में विधानसभा के अंदर टकराव की स्थिति पैदा हो गई। पंजाब सरकार में मंत्री नेता डॉ. बलबीर सिंह जब मीडिया से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान AAP विधायक जसवीर सिंह राजा गिल की पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। डॉ. बलबीर सिंह ने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि वे आप मंत्री को अपनी बात रखने नहीं दे रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़: करवा चौथ की शॉपिंग से लौट रही थी महिला, सड़क हादसे में मौत, बेटी घायल

विधायकों को रोकने का आरोप

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने सत्तारूढ़ दल के विधायकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब विधायक सदन में जाने लगे तो उन्हें रोक दिया गया। इस पर कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी कर विधानसभा का बायकॉट कर दिया। दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा और AAP विधायक सरबजीत कौर माणुके के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरे हंगामे पर विधानसभा स्पीकर ने संज्ञान लिया है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।