महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। इस बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने NCP के नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मराठी नेता के नेतृत्व में बनी पार्टी अब महाराष्ट्र के स्वाभिमान से समझौता कर रही है। उनकी यह टिप्पणी बीते दिनों पार्टी के नेताओं की अमित शाह से हुई मुलाकात के बाद सामने आई है।
संजय राउत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर NCP के नेताओं और अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'महाराष्ट्र के स्वाभिमान की कब्र। एक बुलंद मराठी आदमी ने जिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की स्थापना की थी, उसे गुजराती व्यापारियों के चरणों में समर्पित कर दिया गया।' उन्होंने नेताओं की तस्वीर के साथ आगे लिखा कि सब के सब चापलूस और मूर्ख हैं।
यह भी पढ़ें: फुटपाथ पर बैठे लोगों पर चढ़ाई फॉर्च्युनर, मां-बेटे की मौत, कई घायल
अमित शाह से मिले थे NCP नेता
दरअसल, सोमवार को NCP के छह बड़े नेता दिल्ली पहुंचे थे। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और दिलीप वलसे पाटिल शामिल थे। इन नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात की और लंबी चर्चा हुई। मुलाकात के बाद तस्वीर भी जारी की गई लेकिन इन नेताओं के साथ सुनेत्रा पंवार और उनके बेटों में से कोई भी शामिल नहीं था।
वित्त मंत्रालय को लेकर खींचतान?
इस बैठक की चर्चा महाराष्ट्र में इसलिए भी तेज है, क्योंकि NCP लगातार राज्य का वित्त मंत्रालय दोबारा अपने पास लेने की मांग कर रही है। फिलहाल यह विभाग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। जनवरी 2026 में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद से वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास ही है। NCP चाहती है कि महायुति सरकार में पहले की तरह यह विभाग उसे वापस मिले।
यह भी पढ़ें: 'हमेशा प्रदर्शन स्थल कब्जा नहीं सकते', दिल्ली के प्रदर्शनों पर सुप्रीम कोर्ट
क्यों उठे सवाल?
इस मुलाकात के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व और एकजुटता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह रही कि बैठक में NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा उनके बेटे पार्थ पवार शामिल नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी ने राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी। हालांकि, पार्टी ने अंदरूनी कलह की खबरों को खारिज किया है।
NCP के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा कि यह बैठक पहले से तय थी और पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है। उनके मुताबिक, अमित शाह के साथ पार्टी के कामकाज, महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों और नेताओं के निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
