स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद की है। उन्होंने यह धनराशि सीएम राहत कोष में जमा करवाई है। असम सीएम के आधिकारिक एक्स अकाउंट से यह जानकारी साझा की और लिखा, 'सीएम डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने समय रैना के मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये के योगदान को स्वीकार किया है।'
बाद में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने निजी अकाउंट से भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'असम के इस कठिन समय में हमारी राहत कार्यों में योगदान करने के लिए धन्यवाद, समय!'
यह भी पढ़ें: कंगना ने बताया दिल्ली और मुंबई के लड़कों में फर्क, डेटिंग का किस्सा किया शेयर
पिछले साल असम में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इन पर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में अश्लीलता व आपत्तिजनक टिप्पणियों के माध्यम से अश्लीलता फैलाने का आरोप था। हाल ही में समय रैना ने अपने शो में एक महिला प्रतिभागी से बातचीत में असम में दर्ज केस हटवाने की गुहार लगाई थी। हालांकि यह बात उन्होंने मजाक में कही थी।
असम के 13 जिले बाढ़ से प्रभावित
असम भारी बारिश के बाद आई बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहा है। अब तक 98 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 13 जिलों में 1.55 लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक शुक्रवार को एक और व्यक्ति की मौत चराइदेव जिले के महमोरा रेवेन्यू सर्कल में हुई।
यह भी पढ़ें: 40 साल बाद बंद हुआ बोफोर्स घोटाला केस, इसके चलते चुनाव तक हार गए थे राजीव गांधी
13 जिलों शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, होजई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप (एम), लखीमपुर, उदलगुरी, जोरहाट और चराइदेव बाढ़ से प्रभावित हैं। 33 राजस्व मंडल और 464 गांवों में बाढ़ का असर दिख रहा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की कुल संख्या अब 1,55,849 है।
