महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार के एक बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है। रविवार को अमेरिका में आयोजित एक कार्यक्रम में गोलीबारी की घटना पर विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यह तो होना ही था। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप जिस तरह दुनिया पर अपनी धाक जमाना चाहते हैं और दूसरे देशों को अस्थिर करना चाहते हैं, यह उसी का नतीजा है। विजय वडेट्टीवार ने यह भी कह दिया कि भारत में भी ऐसा ही मूड है लेकिन लोग सड़क पर नहीं उतर रहे हैं तो लग रहा है कि सब ठीक है।

 

अमेरिका के वॉशिंगटन शहर के एक होटल में आयोजित व्हाइस हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स असोसिएशन डिनर के दौरान जब गोलीबारी हुई तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत तमाम नेता वहीं मौजूद थे। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन अब इस घटना की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर कहा है कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: पुलिस और मीडिया के सामने भिड़े TMC-BJP के नेता, नॉर्थ 24 परगना में हंगामा

क्या बोल गए विजय वेडट्टीवार?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले पर पूछे गए सवाल पर विजय वडेट्टीवार ने कहा है, 'ट्रंप पूरी दुनिया पर धाक जमाना चाहते हैं और दूसरे देशों को अस्थिर करना चाहते हैं। जैसी करनी, वैसी भरनी। अब उन्होंने जैसा सोचा था, वैसा हुआ नहीं तो यह तो होना ही था। भारत में भी इससे अलग मूड नहीं है।'

 

 

 

 

बिना किसी का नाम लिए ही विजय वडेट्टीवार ने कहा, 'भारत में लोग सड़क पर नहीं उतर रहे हैं तो भ्रम हो रहा है कि सबकुछ ठीक है लेकिन लोगों की भावनाएं बिल्कुल वैसी ही हैं। भारत को बहुत नुकसान हुआ है।' ट्रंप के बारे में बात करते हुए विजय वडेट्टीवार ने आगे कहा, 'इतने ऊंचे पद पर बैठे शख्स के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था लेकिन जनता का जवाब अक्सर दिखाता है कि उनका नेतृत्व कैसा है।'

 

यह भी पढ़ें: शहरों में जैन, गांवों में हिंदू, जनगणना से पहले जानें कहां मुसलमानों का दबदबा?


कौन हैं विजय वडेट्टीवार?

विजय वडेट्टीवार महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की ब्रह्मापुरी विधानसभा सीट से लगातार तीन बार के विधायक हैं। वह महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस के नेता हैं और सदन में विपक्ष के नेता भी रहे हैं। वह महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री भी रहे हैं। शिवसेना से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले विजय वडेट्टीवार ने साल 2004 में इसी जिले की चिमूर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। 2014 तक वह चिमूर से ही विधायक रहे लेकिन 2014, 2019 और 2024 में ब्रह्मापुरी से चुनाव लड़ा और जीते।