देशभर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में ठगों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाया है। किसी को शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग से 2.35 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई तो किसी के क्रेडिट कार्ड का बिना ओटीपी और बैंक डिटेल साझा किए ही इस्तेमाल कर ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई। वहीं एक अन्य मामले में पीड़ित के मोबाइल फोन हैक कर 18,55,867 रुपये निकाल लिए गए।
इन तीनों घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में पीड़ितों ने न तो ओटीपी साझा किया और न ही बैंक की कोई गोपनीय जानकारी फिर भी उनके बैंक अकाउंट से लाखों रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: 100 घंटे काम या फिर मानदेय देगी हरियाणा सरकार, 1 नवंबर से CET पास युवाओं की मौज
कैसे हुई 2.35 करोड़ रुपये की ठगीय़?
सेक्टर-21 के जलवायु विहार में रहने वाले 73 वर्षीय व्यक्ति आनंद ने शिकायत में बताया कि जून में Whats App के माध्यम से उनसे संपर्क करके शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया गया। KYC कराने और एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपियों ने उन्हें रियायती दर पर आईपीओ में निवेश का लालच दिया। शिकायत में कहा गया है कि 15 जून से 21 जुलाई के बीच उन्होंने विभिन्न बैंक अकाउंट में कुल 2,35,51,136 रुपये ट्रांसफर कर दिए। ऐप पर निवेश की राशि छह करोड़ रुपये से अधिक दिखाई गई। जब उन्होंने 1.85 करोड़ रुपये निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर 62.51 लाख रुपये और जमा करा लिए। इसके बाद 37 लाख रुपये की और मांग की तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
क्रेडिट कार्ड से ठगी
एक अन्य मामले में सेक्टर-50 निवासी विनोद कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी अनुमति के बिना जियोमार्ट पर उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 7,10,499 रुपये की खरीदारी कर ली गई। उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, कार्ड डिटेल या अन्य बैंकिंग जानकारी भी शेयर नहीं की थी। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'बीमारी से बचना है तो सिर मुंडवाओ, 15 हजार मिलेंगे', महिलाओं से हो गई धोखाधड़ी
मोबाइल फोन हैक कर कि ठगी
सपना बाग 58 वर्षीय ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक अकाउंट से बिना अनुमति के 18,55,867 रुपये निकाल लिए गए। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, पिन या बैंकिंग जानकारी भी शेयर नहीं की थी। साथ ही बताया जा रहा है कि उनका मोबाइल फोन हैक कर यह लेनदेन किया गया है।
