पंजाब के जालंधर जिले में बीती रात एक बड़ी घटना हुआ। जालंदर के सीमा सुरक्षा बल (BSF) चौक के पास एक स्कूटर में कल शाम आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। BSF मुख्यालय के बाहर हुए इस धमाके से सुरक्षा को लेकर प्रश्न उठने लगे हैं। इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। पुलिस ने जानकारी दी है कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार एक बार फिर सवालों के घेरे में है और विपक्ष सरकार पर हमलावर है।
यह घटना रात करीब आठ बजे बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुई, जो जालंधर शहर को अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर स्थित है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि स्कूटर में धमाका होता है और एक व्यक्ति वहां से भागता है। गनीमत रही की इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा, BJP और TMC के एक-एक समर्थकों की मौत
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना के समय इलाके में पुलिस की एट टीम गश्त कर रही थी। इस घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ है और इलाके को घेर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि स्कूटर में आग कैसे लगी।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, 'यहां खड़ी एक एक्टिवा में आग लग गई। हम अभी मौके पर तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।' उस समय इलाके में पुलिस की एक गश्ती टीम मौजूद थी। एक सवाल के जवाब में धनप्रीत कौर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई धमाका हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि स्कूटर 22 साल के एक युवक गुरप्रीत सिंह का है जो जांच में सहयोग कर रहा है। गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उसके स्कूटर में अचानक आग लग गई।
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि BSF मुख्यालय के बाहर एक एक्टिवा खड़ी हुई है। वहीं पास में एक व्यक्ति भी खड़ा हुआ है। अचानक से एक्टिवा में ब्लास्ट होता है और आग लग जाती है। एक हिस्सा में आग लगी हुई है और वह युवक के पास आकर गिरता है। इस दौरान युवक तेजी से दूसरी तरफ भाग जाता है। एक्टिवा का एक हिस्सा दूसरी और जाकर गिरता है और कुछ हिस्से सड़क पर गिर जाते हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेसियों की जिद ने नहीं होने दिया था TVK से गठबंधन? पढ़िए इनसाइड स्टोरी
सरकार पर उठे सवाल
पंजाब सरकार पर विपक्ष लंबे समय से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है। बीते कुछ महीनों में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनसे पंजाब के लोगों में दहशत और डर बैठ गया। जालंधर में हुए धमाके को लेकर अब विपक्ष आम आदमी पार्टी की सरकार पर एक बार फिर से हमला बोलने लगा है।
